आकाश आनंद को रामदास आठवले का ऑफर, RPI ने कहा- बात नहीं बनी तो यूपी में अकेले लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने यूपी में भाजपा से 25 विधानसभा सीटों की मांग करने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बसपा नेता आकाश आनंद को भी RPI में शामिल होने का न्योता दिया है और कहा कि पार्टी उन्हें अपने साथ लेने के लिए तैयार है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 September 2026, 5:14 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के सहयोगी दलों ने सीट बंटवारे को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) ने यूपी में भाजपा से 25 विधानसभा सीटों की मांग करने का ऐलान किया है।

मुरादाबाद में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि RPI भाजपा के सामने 25 सीटों का प्रस्ताव रखेगी। अगर सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने दम पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी भले ही छोटी हो, लेकिन आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश करेगी।

आकाश आनंद को पार्टी में आने का न्योता

मुरादाबाद में आयोजित संविधान सम्मान रैली में RPI के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बसपा और मायावती पर निशाना साधा। उन्होंने मायावती के भतीजे आकाश आनंद को लेकर कहा कि अगर वह RPI के साथ आना चाहते हैं तो पार्टी उनका स्वागत करने के लिए तैयार है।

आठवले ने दावा किया कि मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया, जबकि वह अच्छा काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि RPI आकाश आनंद को अपने साथ लेने के लिए तैयार है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

रैली को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास सरकार का विरोध करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है और संसद में हंगामा कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जाती है।

आठवले ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें शिरडी लोकसभा सीट पर हराया था और बाद में उनका सरकारी आवास भी खाली कराया गया था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में काम करने का अवसर मिला और मोदी सरकार में उन्हें तीसरी बार मंत्री बनाया गया।

मायावती पर चुनाव चिह्न को लेकर लगाया आरोप

रामदास आठवले ने बसपा पर RPI के चुनाव चिह्न ‘हाथी’ के इस्तेमाल को लेकर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का चुनाव चिह्न हाथी है और बसपा ने इसका अतिक्रमण किया है।

आठवले ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और BRICS को लेकर कहा कि भारत ने विभिन्न देशों के साथ समन्वय बनाया है, जिससे आने वाले समय में व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा मिल सकता है।

19 नवंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

RPI अब उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी ने 19 नवंबर को लखनऊ में बड़ी रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि, मुरादाबाद में आयोजित संविधान सम्मान रैली में अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुट सकी। इसे लेकर स्थानीय संगठन के प्रदर्शन पर पार्टी नेताओं ने नाराजगी जताई। प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने जिलाध्यक्ष से नाराजगी जाहिर करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए।

Location :  Lucknow

Published :  14 September 2026, 5:04 PM IST