राम मंदिर में अब परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर: चढ़ावा चोरी विवाद के बाद 360 डिग्री कैमरों से निगरानी, बनाई गई 8 सदस्यीय टीम

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने सुरक्षा बेहद सख्त कर दी है। 360 डिग्री कैमरों और 8 सदस्यीय टीम की निगरानी में दान की गिनती होगी। SBI अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 August 2026, 8:57 AM IST

Ayodhya: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रोजाना लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और पूरी श्रद्धा से दान-पुण्य कर रहे हैं। हालांकि, हाल ही में चढ़ावा चोरी के कथित विवाद और पुलिसिया कार्रवाई के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की सुरक्षा और दान प्रबंधन को लेकर एक नया और बेहद सख्त मॉनिटरिंग सिस्टम लागू कर दिया है।

ट्रस्ट का मकसद दान प्रबंधन में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही तय करना है, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो जाए।

360 डिग्री कैमरे और 8 सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम रखेगी पल-पल की नजर

25 जुलाई से राम मंदिर परिसर में दान पेटियों के प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना दिया गया है। निगरानी के लिए 360 डिग्री कवरेज वाले कैमरे और एसएलआर कैमरे लगाए गए हैं, जो चप्पे-चप्पे की वीडियोग्राफी कर रहे हैं।

युवा, रोजगार, राम मंदिर से लेकर गोरखपुर तक… बदायूं में अखिलेश यादव के कई बड़े वार

इसके अलावा 8 सदस्यों की एक विशेष मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है। पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड करने के लिए दो प्रोफेशनल फोटोग्राफर भी नियुक्त किए गए हैं। खाली पेटी लाने से लेकर, भरी पेटी को सील करने और गणना कक्ष तक ले जाने की हर एक गतिविधि को कैमरे में कैद किया जा रहा है।

एक दिन में एक ही दान पेटी; SBI अधिकारी करेंगे सील

पहले मंदिर की 40 दान पेटियों में से कई पेटियों को एक साथ खोल दिया जाता था, लेकिन अब इस प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब एक दिन में केवल एक ही दान पेटी खोली जाएगी।

दान पेटी के पास से हटते ही भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारी उसे तुरंत सील करेंगे। जब तक उस पेटी के चढ़ावे की पूरी गिनती नहीं हो जाती, तब तक दूसरी दान पेटी को हाथ भी नहीं लगाया जाएगा।

राम मंदिर दान मामले में पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा से फिर होगी पूछताछ, SIT ने तेज की जांच दान और चढ़ावे की जांच ने पकड़ी रफ्तार

अब एक रुपये का भी नहीं हो सकेगा हेरफेर: महंत दिनेन्द्र दास

न्यास के महंत दिनेन्द्र दास ने सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि अब राम मंदिर परिसर से एक रुपया भी इधर-उधर नहीं हो सकता।

निगरानी टीम में बैंक कर्मचारी, न्यास के प्रतिनिधि, सुरक्षा कर्मी और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सावन मास में झूला उत्सव सहित सभी धार्मिक परंपराएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी। ट्रस्ट की ओर से उठाए गए इन सख्त कदमों के बाद अब श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Location :  Ayodhya

Published :  1 August 2026, 8:57 AM IST