रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए नहीं मिली कन्फर्म सीट? रेलवे ने चलाई स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें, देखें पूरा टाइम टेबल

रक्षाबंधन पर भाई-बहन के अटूट रिश्ते को रेलवे का तोहफा! 27 अगस्त से हरिद्वार-लखनऊ के बीच दौड़ेगी स्पेशल अनारक्षित ट्रेन। बरेली-सहारनपुर के बीच भी 8 अगस्त को विशेष ट्रेन का संचालन। जानें समय, रूट और स्टॉपेज की पूरी डिटेल।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 5 August 2026, 10:27 AM IST
google-preferred

Lucknow: रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार करीब आते ही ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने का बड़ा फैसला किया है। त्यौहार के मौके पर भाई-बहनों के बीच दूरी न बने, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने हरिद्वार से लखनऊ के बीच अनारक्षित (Unreserved) रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस विशेष ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

27 अगस्त से पटरियों पर दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 04329 (अप) और 04330 (डाउन) का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04330 डाउन हरिद्वार से 27 अगस्त से 29 अगस्त तक शाम 3:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन नजीबाबाद (शाम 4:18 बजे), मुरादाबाद (शाम 5:58 बजे), रामपुर (शाम 6:29 बजे) और बरेली (रात 8:00 बजे) होते हुए देर रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

UP में बदल गया गोल्ड स्मगलिंग का खेल! लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ अब ट्रेनों से हो रही एंट्री

वापसी का समय और प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

वापसी में ट्रेन संख्या 04329 अप लखनऊ से 28 अगस्त से 30 अगस्त तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन लखनऊ से देर रात 1:15 बजे छूटकर सुबह 5:36 बजे बरेली, 7:10 बजे रामपुर, 8:40 बजे मुरादाबाद और सुबह 10:00 बजे नजीबाबाद होते हुए दोपहर 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों को सहूलियत देने के लिए इस ट्रेन को मुरादाबाद स्टेशन पर 5 मिनट तथा अन्य सभी प्रमुख स्टेशनों पर 2-2 मिनट का ठहराव दिया गया है।

MIDH Scheme: अगर खेती से कमाई बढ़ानी है तो यह योजना जान लीजिए… सरकार दे रही ट्रेनिंग से लेकर आर्थिक मदद तक

8 अगस्त को बरेली से सहारनपुर के बीच भी विशेष ट्रेन

मुख्य स्पेशल ट्रेन के अलावा, रेलवे ने 8 अगस्त को बरेली और सहारनपुर के बीच भी एक अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेन (04301) चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन बरेली से शाम 4:45 बजे रवाना होकर मुरादाबाद (शाम 6:28 बजे), धामपुर (शाम 7:40 बजे), नगीना (रात 8:00 बजे), नजीबाबाद (रात 8:25 बजे), लक्सर और रुड़की होते हुए रात 11:00 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से त्यौहारों पर बिना आरक्षण सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Location :  Lucknow

Published :  5 August 2026, 10:27 AM IST

Advertisement