
राहुल गांधी पहुंचे प्रयागराज (Image: Social Media)
Prayagraj News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उनके दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा की बेटी मिराया वाड्रा भी मौजूद रहीं। एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे स्वराज भवन पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। खास बात यह है कि स्वराज भवन वही ऐतिहासिक जगह है, जहां उनकी दादी और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। अब यह स्थान संग्रहालय के रूप में संरक्षित है, जहां नेहरू-गांधी परिवार और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी कई यादें मौजूद हैं।
प्रयागराज में लगे कांग्रेस के पोस्टर, सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा गया है, “जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।” इन पोस्टरों के जरिए कांग्रेस ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार राहुल गांधी से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं और छात्रों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार आवाज उठा रहे हैं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से करेंगे संवाद
राहुल गांधी शनिवार शाम 6 बजे प्रयागराज के केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में 23 जिलों से छात्रों को बुलाया गया है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 2 लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ कार्यक्रम स्थल
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज ग्राउंड में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल के पिछले हिस्से में वीआईपी लाउंज बनाया गया है, जहां मेहमानों के लिए 8 स्टॉल तैयार किए गए हैं। वहीं छात्रों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था की गई है। कुछ छात्रों के लिए रात के भोजन का भी इंतजाम किया गया है। कार्यक्रम में आने वाले छात्रों के लिए फ्री ई-रिक्शा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
राजस्थान के कोटा से शुरू किया था अभियान
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद 17 जुलाई को उन्होंने देहरादून में छात्रों और युवाओं से संवाद किया था। इससे पहले राहुल गांधी 18 फरवरी 2024 को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रयागराज पहुंचे थे। उस समय भी उन्होंने स्वराज भवन का दौरा किया था।
Location : Prayagraj
Published : 8 August 2026, 4:54 PM IST