हिंदी
राहुल गांधी करेंगे सुल्तानपुर दौरा (Image Source: Dynamite News)
Sultanpur: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी सोमवार, 26 अक्टूबर को सुलतानपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी कथित टिप्पणी के मानहानि मामले में सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत की कार्यवाही पर निगाहें टिकी हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने उनके स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय परिसर में जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में तैयारी बैठक आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बीपी सिंह, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी समेत जिलेभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में राहुल गांधी के आगमन की रूपरेखा पर चर्चा की गई और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कांग्रेस की योजना के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से उतरने के बाद राहुल गांधी का स्वागत कूरेभार, धनपतगंज और जयसिंहपुर के कांग्रेसजन करेंगे। इसके बाद टाटियानगर बाईपास पर कादीपुर, अखंडनगर, करौंदीकला, मोतिगरपुर और दोस्तपुर के कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे।
गोरखपुर में 45 वर्षीय महिला की मौत, घर में फांसी पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 9:45 बजे टेढ़ुई तिराहे पर पीपी कमैचा, लंभुआ और भदैया के कांग्रेसजन राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। सुबह 9:55 बजे गोलाघाट स्थित आस्था हॉस्पिटल के सामने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई की टीम मौजूद रहेगी। सुबह 10 बजे गोलाघाट दीवानी मोड़ पर बल्दीराय, कुड़वार और दुबेपुर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। इसके बाद दीवानी न्यायालय के गेट पर शहर कांग्रेस कमेटी और शहरी क्षेत्र के नेता उनका अभिनंदन करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम में सुबह 9:30 बजे से स्वागत की शुरुआत प्रस्तावित है। वहीं, अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला और जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के अनुसार, राहुल गांधी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते सुबह करीब 10:30 बजे तक एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंच सकते हैं।
राहुल गांधी के सुलतानपुर आने की प्रमुख वजह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबंध में उनकी कथित टिप्पणी से जुड़ा मानहानि का मामला है। इस प्रकरण में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और वह पहले भी अदालत में पेश हो चुके हैं।
गोरखपुर में 45 वर्षीय महिला की मौत, घर में फांसी पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
सोमवार की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की मौजूदगी और संभावित फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर जहां उनके स्वागत कार्यक्रम पर है, वहीं कानूनी मामले की दिशा पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।
हालांकि, अदालत सोमवार को फैसला सुनाएगी या मामले में आगे की सुनवाई होगी, इसकी पुष्टि न्यायालय की कार्यवाही के बाद ही हो सकेगी। ऐसे में 26 अक्टूबर को सुलतानपुर में राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक और कानूनी, दोनों ही लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 25 October 2026, 5:26 PM IST