हिंदी
पहले फांसी, फिर आग
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के राजामऊ गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाले प्रमोद नाम के युवक ने पहले फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डायनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका पर उसे फांसी लगाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने यह भी कहा कि उसका दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था और प्रेमिका एक महीने के गर्भ से है।
युवक के मुताबिक उसकी प्रेमिका, जो उसके बड़े भाई की साली बताई जा रही है और उन्नाव की रहने वाली है, पिछले कुछ समय से उससे दूरी बना रही थी। उसने आरोप लगाया कि गर्भ के नाम पर उससे पैसे भी लिए गए और बाद में उसे छोड़ दिया गया। वीडियो में वह प्रेमिका को संबोधित करते हुए कहता है कि "छोटी सी गलती पर छोड़ दिया और अब फांसी लगाने को कह रही हो।"
Muzaffarnagar News: जमीन विवाद पर भड़के किसान; कैम्पा कोला के खिलाफ मोर्चा, जानें पूरा मामला
फांसी लगाने की कोशिश के बाद उसने अपनी तस्वीर भी ली और बाद में इलाज के दौरान बयान दिया कि जब फांसी से मौत नहीं हुई तो उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। पुलिस ने मजिस्ट्रेटी बयान के लिए लिखित प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि युवक के होश में आने पर उसका बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस का कहना है कि वीडियो और युवक के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रेमिका की भूमिका, पैसों के लेन-देन और कथित उकसावे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
Mainpuri Crime: दो दिन में दो चोरी, तीसरे दिन गिरफ्तारी- किशनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इस घटना ने एक बार फिर भावनात्मक तनाव और संबंधों में बढ़ते विवादों के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा किया है। फिलहाल युवक की जिंदगी बचाने के लिए डॉक्टरों की टीम प्रयास कर रही है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Location : RaeBareli
Published : 17 February 2026, 4:17 AM IST