Raebareli: गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग में एक ही परिवार के 9 लोग झुलसे, जानें पूरा मामला

रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में गैस सिलेंडर लीकेज से आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 April 2026, 10:24 AM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में रविवार देर शाम एक हादसा हो गया। घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज होने से भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगते ही मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार यह घटना शिवशंकर मिश्रा के घर में हुई, जहां खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के कई सदस्य उसकी चपेट में आ गए और बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका।

नौ लोग गंभीर रूप से झुलसे

हादसे में मंजू मिश्रा (42), कुलदीप मिश्रा (22), अनिल मिश्रा (50), संत कुमार मिश्रा (68), आशीर्वाद (18), ऋचा (21), दीपिका (25), संगीता (40) और उमेश (37) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीह ले जाया गया।

रायबरेली का युवक कानपुर सेंट्रल से लापता, साधु के साथ आखिरी बार दिखा

प्राथमिक उपचार के बाद रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर एडीएम अमृता सिंह, सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा, एसडीएम और तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए लीकेज सिलेंडर को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। यदि किसी मरीज की हालत बिगड़ती है तो उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

Raebareli News: रायबरेली में किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

गांव में दहशत का माहौल

इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग गैस सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर के उपयोग में पूरी सावधानी बरती जाए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Location :  Raebareli

Published :  27 April 2026, 10:01 AM IST