हिंदी
ऊंचाहार में टोल प्लाजा के पास दबंगों की फायरिंग
Raebareli: रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक खौफनाक वारदात ने पुलिस की कानून-व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। बिकई गांव निवासी दलित महेन्द्र कुमार सरोज, जो पिछले दस वर्षों से चड़रई टोल प्लाजा के पास चाय की दुकान चला रहे हैं, को मामूली विवाद के चलते दबंगों के हमले का शिकार होना पड़ा। बताया जा रहा है कि महेन्द्र ने मंगलवार शाम एक युवक को बेवजह दुकान पर बैठने से मना किया, जिससे विवाद बढ़ गया। युवक के बुलाने पर उसका भाई आया, गाली-गलौज कर धमकी देकर चला गया।
रात करीब 10 बजे वही युवक तीन अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर लौटा और महेन्द्र की दुकान पर हमला बोल दिया। पहले दबंगों ने मारपीट की, फिर कई राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीणों में भय फैल गया। हमलावरों की दबंगई के आगे जब पुलिस नदारद रही, तो स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया। ग्रामीणों ने दौड़कर एक हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल, चार खोखे और कुछ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है—आखिर वारदात के समय पुलिस कहां थी? न कोई गश्ती वाहन दिखाई दिया, न किसी सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदगी। यह साफ करता है कि पुलिस की सक्रियता केवल कागजों तक सीमित है। दबंगों ने बेखौफ होकर गोलियां चलाईं और पुलिस की अनुपस्थिति ने उनकी हिम्मत को और बढ़ावा दिया।
Independence Day 2025: ब्रिटिश भारत से भारत सरकार तक; जानिए सत्ता के हस्तांतरण की अंदरूनी कहानी
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। बरामद मोटरसाइकिल और कारतूसों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आर्थिक अपराध शाखा ने इंडसइंड बैंक पर शुरू की जांच, जानें पूरा मामला
यह घटना न केवल पीड़ित के लिए बल्कि पूरे इलाके के लिए चिंता का विषय है। प्रशासन को चाहिए कि वह ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई करे ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
Location : Raebareli
Published : 13 August 2025, 12:44 PM IST