Raebareli Crime: BCA युवक ने ठगी से कमाए करोड़, STF ने दबोचा; पढे़ं पूरी खबर

रायबरेली में एसटीएफ और पुलिस ने चाइनीज लोन ऐप के जरिए युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सौरव मिश्रा बेरोजगार युवकों को धमकाकर करोड़ों रुपये वसूलता था और ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, कार और नकदी बरामद की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 10 April 2026, 1:17 AM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीसीए पास एक युवक ने चाइनीज लोन ऐप के जरिए बड़ा ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया। आरोपी ने बेरोजगार युवाओं को आसान लोन का लालच देकर पहले उन्हें जाल में फंसाया, फिर उनके निजी डेटा का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल किया।

डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरीजा शंकर त्रिपाठी के अनुसार, आरोपी सौरव मिश्रा को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊंचाहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से नई दिल्ली का रहने वाला है और रायबरेली में सक्रिय था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, एक कार (टाटा अल्ट्रोज) और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह मामला साइबर अपराध और डेटा के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है।

धमकी देकर वसूले करोड़ों

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले कई अवैध चाइनीज लोन ऐप में रिकवरी एजेंट के रूप में काम करता था। इन ऐप्स के जरिए लोगों को कम समय के लिए भारी ब्याज पर लोन दिया जाता था और उनका पूरा डेटा एकत्र किया जाता था।

Chandauli Accident: पहले बाइक सवार को रौंदा, फिर दुकानों में जा घुसी; पढे़ं पूरी खबर

जब ये ऐप बंद हो गए, तो आरोपी ने उसी डेटा का गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया। वह लोन लेने वाले लोगों को फोन, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर उन्हें धमकाता था। आरोपी पीड़ितों को उनकी निजी तस्वीरें और जानकारी वायरल करने की धमकी देता था।

इतना ही नहीं, वह खुद को सीबीआई और अन्य एजेंसियों का अधिकारी बताकर भी लोगों को डराता था। इस तरह वह लोगों से पैसे वसूलता और उन्हें वन एक्स बेट जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर जमा कराता था, जहां से बाद में पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था।

STF ने ऐसे किया खुलासा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वर्ष 2021 से 2025 के बीच करीब 1 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की। इस पैसे से वह महंगे क्लबों में पार्टी करता था और लग्जरी लाइफस्टाइल जी रहा था। एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी ऊंचाहार क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे दौलतपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।

Budaun Crime: मासूम से दरिंदगी के बाद आरोपी फरार, इलाके में भारी आक्रोश

अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अमित कुमार नागर के निर्देशन में और थाना ऊंचाहार पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना ऊंचाहार में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।  पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध लोन ऐप या कॉल से सावधान रहें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Location :  RaeBareli

Published :  10 April 2026, 1:17 AM IST