
बदायूं में उपभोक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
बदायूं: भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बदायूं के शाहबाजपुर चौराहा पर फूट पड़ी। कल्याण नगर क्षेत्र की महिलाएं, पुरुष और युवा शाहबाजपुर चौराहे पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली आपूर्ति में तत्काल सुधार की मांग की।
प्रदर्शन के चलते शाहबाजपुर चौराहे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते यातायात पूरी तरह ठप हो गया और बसों, एंबुलेंस समेत छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए। जाम के कारण राहगीरों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
चौराह पर जुटी हजारों लोगों की भीड़
आक्रोशित लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन बिजली विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।
जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता का भरोसा दिलाया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया और अघोषित कटौती बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। क्षेत्रीय लोगों ने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए जल्द स्थायी समाधान की अपील की।
Location : Budaun
Published : 30 June 2026, 6:09 AM IST