
कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारी तेज
Muzaffarnagar : जिले में आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कांवड़ मार्गों पर जरूरी सुविधाओं तक हर बिंदु पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, विद्युत, नगर पालिका और चिकित्सा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले कांवड़ मार्गों की मरम्मत पूरी कर ली जाए। साथ ही जलभराव की समस्या, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और संकेतक बोर्ड जैसी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। डीएम ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। इसके साथ ही CCTV कैमरों और ड्रोन का व्यापक इस्तेमाल कर यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
मुजफ्फरनगर में सियासी हलचल : पीडीए अभियान बना सपा का मास्टर स्ट्रोक, मिला बड़ा सपोर्ट
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर रहेगा।
बैठक के अंत में डीएम और एसएसपी ने साफ कहा कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को तय समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 July 2026, 5:25 AM IST