
हाथरस में अनोखी प्रभातफेरी (IMG: Dynamite News)
Hathras: बच्चों को यौन अपराधों से बचाने और उन्हें कानूनी संरक्षण की जानकारी देने के लिए हाथरस में गांधी जयंती के अवसर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पोक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों और कानूनी परिणामों को लेकर प्रभातफेरी निकाली गई। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनय कुमार-तृतीय ने जनपद न्यायालय परिसर से प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रभातफेरी में सुरजोबाई कन्या इंटर कॉलेज, पीबीएएस इंटर कॉलेज और सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी कैडेट्स और न्यायालय के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थी हाथों में जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिखी पट्टियां और पंपलेट लेकर निकले। प्रभातफेरी के दौरान लोगों को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के संरक्षण और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई।
प्रभातफेरी के बाद जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय और प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विजय कुमार डूंगराकोटि ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान सुरजोबाई कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पोक्सो अधिनियम-2012 पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों से बचाव, पोक्सो कानून के प्रावधानों और ऐसे मामलों में उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता जरूरी है।
जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन वर्ष 1987 में इस उद्देश्य से किया गया था कि कोई भी व्यक्ति जानकारी या आर्थिक अभाव के कारण न्याय पाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, समाजसेवी और स्वयंसेवी संस्थाएं स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ गांव और शहरों में शिविर लगाकर लोगों को पोक्सो अधिनियम के बारे में जागरूक करें।
हाथरस में आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप, CNG टैंक में लगी आग
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने बताया कि प्राधिकरण के उद्देश्यों और पोक्सो अधिनियम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज, गांव और शहर के अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, डाकघर और अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विजय कुमार डूंगराकोटि, अपर जनपद न्यायाधीश संगीता शर्मा, हर्ष अग्रवाल, विजय कुमार, निर्भय नारायण राय, शैलेन्द्र सिंह और प्रशान्त कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा सिविल जज (व.प्र.) आकांक्षा गर्ग, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपकनाथ सरस्वती, सिविल जज (व.प्र.) त्वरित न्यायालय ईशा अग्रवाल, सिविल जज (क.प्र.) सारांश शर्मा, एफटीसी प्रथम रोबिन कुमार और एफटीसी द्वितीय अरिजीत सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Location : Hathras
Published : 2 October 2026, 2:15 PM IST