कन्नौज में युवक की मौत पर छिड़ी राजनीति जंग, विधायक ने पुलिस अफसर से कहा- “अटैची पैक कर लो, मैं तुम्हें नहीं रहने दूंगा”

कन्नौज के चन्दौआ गांव में करंट लगने से युवक की मौत के बाद सियासी घमासान तेज हो गया। भाजपा विधायक कैलाश राजपूत का एसओ को दी गई चेतावनी का वीडियो वायरल, बिजली विभाग और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 February 2026, 5:50 PM IST
google-preferred

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। करंट लगने से एक युवक की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है, लेकिन इसी के साथ सियासी पारा भी चढ़ गया है। मामला तिरवा विधानसभा क्षेत्र के थाना इंदरगढ़ के गांव चन्दौआ का है, जहां हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गांव की लाइन पर गिर गया और एक परिवार की खुशियां पल भर में उजड़ गईं।

बताया जा रहा है कि चन्दौआ निवासी अखिलेश राजपूत अपने परिवार में शादी समारोह में शामिल होने गांव आए थे। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशी मातम में बदल जाएगी। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे आ गिरा। जिससे बिजली लाइन में अचानक तेज वोल्टेज दौड़ गया। उसी वक्त अखिलेश खंभे के पास से गुजर रहे थे और करंट की चपेट में आ गए। झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप, शिकायत में बदलाव का दावा

घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि अगर लाइन की सही तरीके से देखरेख होती तो यह हादसा टल सकता था। परिवार का यह भी कहना है कि उन्होंने इंदरगढ़ थाने में शिकायत पत्र दिया था, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी की ओर से उस शिकायत में बदलाव कर दिया गया। इस आरोप के बाद मामला और गरमा गया।

क्या है कोड C27-95…, जिससे मचा हड़कंप; जानिये शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा

विधायक बनाम एसओ, फोन कॉल से बढ़ी हलचल

घटना की सूचना मिलने पर तिरवा विधानसभा से भाजपा विधायक कैलाश राजपूत मृतक के घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिजनों से पूरी जानकारी ली। जब परिवार ने थाना स्तर पर कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई तो विधायक ने मौके पर ही संबंधित एसओ को फोन मिलाया। अब यही बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में विधायक साफ कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैं तुम्हें थाने में रहने नहीं दूंगा। या तो सुधार कर लो नहीं तो अपने कपड़े अटैची में पैक कर लो।” उन्होंने यह भी कहा कि एफआईआर ऐसी दर्ज होनी चाहिए जिससे परिवार को क्लेम मिल सके। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तुम बिजली विभाग की एसओ हो? उनकी आवाज में गुस्सा साफ झलक रहा है।

रात की खामोशी में गूंजी टक्कर की आवाज, सुबह तक मातम में बदल गया माहौल; पढ़ें महराजगंज की दर्दनाक खबर

वीडियो वायरल, कई सवाल खड़े

यह वीडियो वायरल होते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया। एक ओर परिवार न्याय और मुआवजे की मांग कर रहा है, तो दूसरी ओर पुलिस और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है। बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भी चर्चा तेज है। गांव में अभी भी शोक का माहौल है और परिवार को इंसाफ का इंतजार है।

Location : 
  • Kannauj

Published : 
  • 26 February 2026, 5:50 PM IST

Advertisement
Advertisement