हिंदी
सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
Budaun : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर वार ने माहौल गरमा दिया है। बदायूं में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक होर्डिंग्स और पोस्टरों को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। शहर के कई प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे इन पोस्टरों के बाद सपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूं को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सपा नेताओं के मुताबिक अज्ञात असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से अखिलेश यादव की तस्वीर लगाकर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री वाले पोस्टर शहर में लगाए। ये पोस्टर जिला पंचायत गेट, बैल्गा फैक्ट्री के पास, अम्बेडकर पार्क, दातागंज तिराहा, बड़ी ज्यारत और रोडवेज बस स्टैंड समेत कई व्यस्त इलाकों में लगाए गए थे। पार्टी का आरोप है कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि सपा की छवि खराब करने की सोची-समझी साजिश है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि इस तरह की हरकत से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका आरोप है कि सार्वजनिक स्थलों पर भड़काऊ और भ्रामक सामग्री लगाकर जिले का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। सपा नेताओं ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक नेता की छवि तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश भी है।
न्याय नहीं मिला तो पानी की टंकी पर चढ़ गया किशोर! बदायूं में हाईवोल्टेज ड्रामे से हड़कंप
सपा पदाधिकारियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पोस्टर लग गए, लेकिन पुलिस और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
सपा नेताओं ने SSP से पूरे मामले की गंभीर जांच कराने, CCTV फुटेज खंगालने, दोषियों की पहचान कर FIR दर्ज करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। सहसवान से सपा विधायक बृजेश यादव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Location : Budaun
Published : 27 May 2026, 8:39 PM IST