मुजफ्फरनगर में हाईवे पर घिरी स्विफ्ट कार, फिर शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 राज्यों में गैंग था एक्टिव

मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय एटीएम फ्रॉड गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 63 एटीएम कार्ड, हथियार और नकदी बरामद हुई है। गैंग 6 राज्यों में 100 से ज्यादा ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 May 2026, 8:04 PM IST

Muzaffarnagar : जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय एटीएम फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश किया है। यह लोगों को बातों में फंसाकर उनका एटीएम कार्ड बदल देता था और फिर खाते से रकम साफ कर देता था। शनिवार को पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुई पुलिस मुठभेड़ में गैंग के तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से 63 एटीएम कार्ड, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग

नगर कोतवाली पुलिस शनिवार को पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया। कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गुलशन नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथी मयंक और जतिन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे करते थे एटीएम कार्ड फ्रॉड

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका गैंग उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में सक्रिय था। गैंग पहले एटीएम बूथों की रेकी करता था और फिर ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जिन्हें एटीएम इस्तेमाल करने में ज्यादा जानकारी नहीं होती थी। आरोपी मदद के बहाने कार्ड बदल देते थे और पिन भी पता कर लेते थे। इसके बाद खाते से तुरंत पैसे निकालकर फरार हो जाते थे।

नाम बदलकर नाबालिग लड़की को भगाने वाले शाहरुख को मुजफ्फरनगर पुलिस ने मारी गोली, जानें कैसे दिया था वारदात को अंजाम

दो-तीन दिन में कई वारदात

पुलिस के मुताबिक गैंग एक जिले में दो-तीन दिन रुककर 5 से 6 वारदातों को अंजाम देता था और फिर दूसरे जिले या राज्य में निकल जाता था। शुक्रवार को भी नगर कोतवाली क्षेत्र में विनीत कुमार नाम के व्यक्ति से करीब 45 हजार रुपये की ठगी इसी गैंग ने की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए थे।

पुलिस कर रही अन्य राज्यों से संपर्क

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मिले एटीएम कार्डों की डिटेल बैंक से निकलवाई जा रही है। जिन राज्यों में इस तरह की घटनाएं दर्ज हुई हैं वहां की पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि गैंग ने 100 से ज्यादा घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 May 2026, 8:04 PM IST