
गैंगस्टर उधम सिंह Img : Google)
Meerut : योगी सरकार की माफिया सूची में शामिल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह को लेकर पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। अपराध की दुनिया में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने उधम सिंह पर अब डीआईजी कलानिधि नैथानी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी अविनाश पांडेय की संस्तुति पर की गई है। इससे पहले उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे अब बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है।
इनाम घोषित होने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीमें पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि गैंगस्टर किसी भी हालत में कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, उधम सिंह पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत कराने का गंभीर आरोप है। इसी मामले में सरूरपुर थाने में नौ अप्रैल 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता अनवर ने आरोप लगाया था कि उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल बिना जानकारी के उधम सिंह की जमानत प्रक्रिया में किया गया।
वेस्ट यूपी में गैंगस्टर उधम सिंह का खौफ : दबिश में कई टीमें, मेरठ से गाजियाबाद तक अलर्ट
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट न्यायालय को भेजी, जिसके बाद कोर्ट ने गैंगस्टर की जमानत रद्द कर दी और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। इसके बाद से वह फरार चल रहा है।
उधम सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे 50 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर योगेश भदौड़ा के साथ गैंगवार को लेकर भी चर्चाओं में रहा है। लंबे समय तक जेल में रहने के दौरान भी उस पर जेल से गैंग चलाने के आरोप लगते रहे हैं।
इनाम घोषित होने के बाद उसके कई पुराने वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिनमें वह पुलिस के सामने टशन में नजर आ रहा था। हालांकि पुलिस ने इन सभी को पुराना बताया है और जांच जारी रखी है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया गया है।
Location : Meerut
Published : 21 May 2026, 9:20 PM IST