महराजगंज में पॉक्सो एक्ट का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। सीओ कार्यालय के पास से भागे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कप मच गया है।

पुलिस कस्टडी से फरार आरोपी को ढूढ़ती पुलिस
Maharajganj: जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पॉक्सो एक्ट का एक आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। यह घटना सीओ कार्यालय के पास की बताई जा रही है, जहां से आरोपी पुलिस की मौजूदगी में ही मौका पाकर भाग निकला। इस घटना ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पॉक्सो एक्ट में दर्ज गंभीर मामले के आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर न्यायालय में पेशी के लिए लाई थी। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। इसी दौरान सीओ कार्यालय के समीप किसी तरह आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी संभल भी नहीं पाए।
आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल वायरलेस पर सूचना प्रसारित की गई और जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आरोपी जनपद की सीमा पार न कर सके।
महराजगंज में नेपाल से आई बारात पर हमला, दुल्हन के घर लूटपाट
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी और सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। ऐसे में पुलिस हिरासत से उसका फरार होना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, कस्टडी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले में जनपद के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि खोजबीन के लिए फोर्स को लगा दिया गया है। तत्काल ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।