Maharajganj: बेटे के सामने मां की दर्दनाक मौत, सुबह का मंजर देख कांप उठे लोग

फरेंदा में गुरुवार सुबह हुआ एक दर्दनाक हादसा हर किसी को झकझोर गया। दवा कराने निकली महिला कुछ ही पलों में काल का शिकार बन गई, जबकि बेटा सब कुछ अपनी आंखों के सामने देखता रह गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 May 2026, 12:20 PM IST

Maharajganj: फरेंदा कस्बे में गुरुवार सुबह अंबेडकर तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। वहीं महिला का बेटा बाल-बाल बच गया।

सुबह-सुबह हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान विमला देवी (45) पत्नी स्वर्गीय छेदी यादव निवासी वार्ड नंबर 2 कल्याणपुरम, टोला जगदीशपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह अपने बेटे के साथ बाइक से दवा कराने जा रही थीं।

जैसे ही दोनों अंबेडकर तिराहे के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान विमला देवी ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

मुजफ्फरनगर में भीषण आग: एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी में हड़कंप

बेटे की आंखों के सामने चली गई मां की जान

हादसे के वक्त बाइक चला रहे महिला के बेटे को मामूली चोटें आईं, लेकिन उसकी आंखों के सामने मां की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में चीख-पुकार मची रही। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर इस तिराहे पर खतरा बनती जा रही है। कई बार यहां सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण की मांग उठ चुकी है, लेकिन हालात में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: यमुना में पलटी नाव, एक ही परिवार के मासूमों समेत 6 लोग लापता

योगेंद्र राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक की पहचान कर ली गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से अंबेडकर तिराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Location :  Maharajganj

Published :  7 May 2026, 12:20 PM IST