सब कुछ वेरिफाइड था… फिर भी सामने आई बड़ी गड़बड़ी, गाजियाबाद में पासपोर्ट फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा

गाजियाबाद में पासपोर्ट फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। तीन गांवों के फर्जी पतों पर 22 पासपोर्ट बनवाए गए। दलालों और पोस्टमैन की मिलीभगत से सिस्टम को चकमा दिया गया, जिससे सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 February 2026, 12:13 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद में एक बड़े पासपोर्ट फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जिसने आधार सत्यापन, पुलिस जांच और एलआईयू (LIU) जैसी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि जिले के तीन गांवों के फर्जी पतों का इस्तेमाल कर कुल 22 पासपोर्ट बनवाए गए, जबकि इन पतों पर संबंधित आवेदक कभी रहे ही नहीं।

दलालों और पोस्टमैन की मिलीभगत

इस मामले में पुलिस ने पासपोर्ट रैकेट से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दलाल विवेक गांधी, प्रकाश सुब्बा, अमनदीप सिंह, सतवंत कौर और एक सरकारी कर्मचारी पोस्टमैन अरुण शामिल हैं।

Ghaziabad News: फर्जी प्रोफाइल बनाकर 10 करोड़ से अधिक का बैंक लोन हड़पने वाला गैंग बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पोस्टमैन अरुण फर्जी पतों पर पासपोर्ट की डिलीवरी करने के बजाय उन्हें सीधे पासपोर्ट गैंग के सदस्यों तक पहुंचाता था। इसी कड़ी में यह फर्जीवाड़ा लंबे समय तक बिना पकड़े चलता रहा।

सिख समुदाय के नाम पर बने अधिकतर पासपोर्ट

सूत्रों के अनुसार, फर्जी तरीके से बनवाए गए अधिकांश पासपोर्ट सिख समुदाय के नाम पर बताए जा रहे हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इसके पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका है।

सत्यापन प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे मामले ने पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया में होने वाले आधार सत्यापन, पुलिस वेरिफिकेशन और एलआईयू जांच की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब तीन स्तरों पर जांच होती है, तो फिर फर्जी पते कैसे पास हो गए? क्या यह केवल लापरवाही थी या फिर सिस्टम के भीतर गहरी मिलीभगत?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बिंदु पर भी विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित विभागों से जवाब मांगा जाएगा।

Ghaziabad News: फर्जी रजिस्ट्री कर मकान हड़पने वाले गैंग का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार, जानिए कैसे करते थे ठगी

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपी केवल मोहरे हो सकते हैं और इस रैकेट के पीछे और भी बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं। पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े रिकॉर्ड, पोस्ट ऑफिस की डिलीवरी रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर किए गए सत्यापन दस्तावेजों की दोबारा जांच की जा रही है।

Location : 
  • Ghaziabad

Published : 
  • 2 February 2026, 12:13 PM IST