गोरखपुर: भैंस का दूध पीने वाले 30 लोगों को लगा एंटी-रेबीज इंजेक्शन, जानिये क्यों आई ऐसी नौबत

गोरखपुर जिले के उरुवा क्षेत्र के बेसहनी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। यहां एक भैंस, जिसे दो महीने पहले पागल कुत्ते ने काट लिया था। पढिए पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 April 2026, 1:13 PM IST

Gorakhpur News:  गोरखपुर जिले के उरुवा क्षेत्र के बेसहनी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। यहां एक भैंस, जिसे दो महीने पहले पागल कुत्ते ने काट लिया था, रेबीज से संक्रमित हो गई और 17 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। भैंस की मौत के बाद खुलासा हुआ कि उसका दूध करीब 30 लोग नियमित रूप से पी रहे थे।

क्या है पूरी खबर?

जानकारी के अनुसार भैंस के मालिक को कुत्ते के काटने की जानकारी तब हुई जब भैंस ने अचानक खाना-पीना बंद कर दिया और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पशु चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद भैंस के रेबीज संक्रमित होने की पुष्टि की। अगले ही दिन भैंस की मौत हो गई जिससे गांव में हड़कंप मच गया।

परिवार के लगभग 15 सदस्य

भैंस का दूध पशुपालक अभय नाथ के परिवार के लगभग 15 सदस्य और दूध निकालने वाले ग्वाला संत यादव के परिवार के करीब 15 सदस्य इस्तेमाल करते थे। कुल मिलाकर 30 लोग इस दूध का सेवन कर रहे थे। जैसे ही भैंस के रेबीज संक्रमित होने की जानकारी सामने आई सभी लोगों में भय व्याप्त हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई

डॉक्टरों की सलाह पर सभी प्रभावित लोगों ने तुरंत उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाया। इंजेक्शन लगवाने वालों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे सभी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

UP Cabinet Expansion: यूपी मंत्रिमंडल में क्या होगा फेरबदल, आईए जानिए किस दिग्गज का कट सकता है पत्ता

सलाह लेने की अपील

उरुवा पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जे.पी. तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को जागरूक किया गया है कि रेबीज संक्रमित पशु का कच्चा दूध पीना जोखिम भरा हो सकता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दूध को अच्छी तरह उबालकर या चाय के रूप में सेवन किया जाए तो संक्रमण का खतरा नहीं रहता। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत चिकित्सा सलाह लेने की अपील की।

चार साल की शादी, डेढ़ साल की मासूम…और दर्दनाक अंत! गोरखपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और पशुओं के व्यवहार में बदलाव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Location :  गोरखपुर

Published :  22 April 2026, 1:13 PM IST