अफसरों की लापरवाही से नोएडा में एकलौते बेटे की मौत, अब कौन समझेगा रानी देवी का दर्द?

नोएडा के सेक्टर-57 में ड्यूटी पर जा रहे 28 वर्षीय युवक आर्यन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हादसे के बाद मौत के कारण को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि बारिश के पानी से ढके खुले नाले में गिरने से आर्यन की जान गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 12 July 2026, 11:18 AM IST

Noida : एक दर्दनाक हादसे ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-57 में ड्यूटी पर जा रहे 28 वर्षीय युवक आर्यन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मौत के कारण को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के पानी से ढके खुले नाले में गिरने से आर्यन की जान गई, जबकि नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि बिजली के पोल में करंट उतरने से यह हादसा हुआ।

ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम चौड़ा (सेक्टर-22) निवासी आर्यन अपने साथी शुभम के साथ सेक्टर-58 स्थित इन्वर्टर निर्माण कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। आर्यन पिछले तीन वर्षों से कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। हाल ही में उसने इलेक्ट्रिकल ब्रांच से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। रास्ते में सेक्टर-57 में जलभराव के बीच हादसा हो गया और वह अचेत होकर गिर पड़ा।

नोएडा में गूंजेगा ‘जय जगन्नाथ’ : 50 फीट ऊंचे रथ के साथ निकलेगी विशाल यात्रा, रसिया समेत इन देशों से लोग सड़क पर करेंगे कीर्तन

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

साथी शुभम ने बिना देर किए आर्यन को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि चार वर्ष पहले कैंसर से पिता की मौत के बाद आर्यन ही अपनी मां रानी देवी का इकलौता सहारा था।

मौत के कारण पर अलग-अलग दावे

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जलभराव होने के कारण खुले नाले का पता नहीं चल सका और आर्यन उसमें गिर गया। उनका आरोप है कि खुले नाले और जलनिकासी व्यवस्था में लापरवाही इस हादसे की वजह बनी। वहीं नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने प्रारंभिक जांच के आधार पर दावा किया है कि बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हुई।

Location :  Noida

Published :  12 July 2026, 11:17 AM IST