
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। यह आदेश 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) से लागू हो गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। अब जिले के सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नया समय केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि CBSE, ICSE, IB और यूपी बोर्ड समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
Weather Update: यूपी-दिल्ली में आसमान से बरस रही आग, 45 डिग्री पार पारा, जल्द बारिश के आसार
इसी तरह बिहार की राजधानी पटना में भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 11:30 बजे तक कर दिया है। यह आदेश 27 अप्रैल से लागू हुआ है और 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। इसमें सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के साथ-साथ प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, अत्यधिक गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। 27 अप्रैल से 26 मई तक प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक और कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक चलेंगे। वहीं गाजियाबाद में नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है।
Weather Update: देशभर में मौसम का यू-टर्न, कहीं बारिश तो कहीं लू से लोग हो रहे बेहाल
भीषण गर्मी के कारण कुछ राज्यों ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां समय से पहले घोषित कर दी हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि मध्य प्रदेश में 1 मई 2026 से गर्मी की छुट्टियां शुरू होने जा रही हैं।
Location : Noida
Published : 27 April 2026, 9:54 AM IST