जिम्स अस्पताल के स्टाफ पर लाठीचार्ज के विरोध में भाकियू का हल्ला बोल, नोएडा पुलिस की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

नोएडा के जिम्स अस्पताल में कर्मचारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई अब बड़ा विवाद बनती जा रही है। भारतीय किसान यूनियन खुलकर कर्मचारियों के समर्थन में उतर आई है और जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 29 June 2026, 4:57 PM IST

Noida: गौतमबुद्ध नगर में जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तार कर्मचारियों की रिहाई, मुकदमे वापस लेने और जिम्स डायरेक्टर के खिलाफ जांच की मांग उठाई।

एडीएम को सौंपा ज्ञापन

गौतमबुद्ध नगर में जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता रॉबिन नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे को सौंपा। इस दौरान यूनियन नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन पिछले दो-तीन वर्षों से निरंकुश रवैया अपना रहा है। उनका आरोप है कि जनपद में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।

हमीरपुर के विशाल पैदल मार्च ने खींचा लोगों का ध्यान; जानिये अचानक क्यों पनपा जनाक्रोश?

जिम्स कर्मचारियों पर कार्रवाई का किया विरोध

यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रवक्ता पवन खटाना ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, पर रात के समय पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उन्हें धरनास्थल से उठाकर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी भी परिजनों और साथियों को समय पर नहीं दी गई।

भाकियू ने रखीं चार प्रमुख मांगें

भारतीय किसान यूनियन ने जिला प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें गिरफ्तार सभी कर्मचारियों की बिना शर्त रिहाई, कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना, उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान और जिम्स अस्पताल के डायरेक्टर ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता पर लगे आरोपों की उच्च स्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई करना शामिल है।

राम मंदिर चंदा चोरी: सभी 8 आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, 14 दिन और बढ़ी न्यायिक हिरासत; जानिये पूरा अपडेट

आंदोलन की दी चेतावनी

यूनियन नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो भारतीय किसान यूनियन बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। संगठन ने प्रशासन से पुलिस की कथित सख्ती पर रोक लगाने और कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की है।

Location :  Noida

Published :  29 June 2026, 4:57 PM IST