
गार्डन ग्लोरी सोसाइटी में की बेसमेंट में लगी आग (Img: Dynamite News)
Noida: नोएडा के सेक्टर-39 स्थित गार्डन ग्लोरी सोसाइटी में मंगलवार दोपहर बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दो अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। गार्डन ग्लोरी सोसाइटी के बेसमेंट में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि कार के पास जाना भी मुश्किल हो गया।
ये भी पढ़ें- तरुण गाबा कौन हैं? जिनको बनाया लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर, अमेरिका में की पढ़ाई; एक क्लिक में पढ़ें पूरा इतिहास
घटना के समय बेसमेंट में मौजूद लोगों ने सबसे पहले फायर एस्टिंग्यूशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग की तीव्रता कम करने की कोशिश की गई, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रही। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।
आग की तेज लपटों ने बगल में खड़ी दो अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते तीनों वाहन आग की चपेट में आ गए। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
ये भी पढ़ें- Follow UP: नोएडा जेल में हुई जिसकी मौत, वह था 3.5 करोड़ रुपये का अपराधी, जानें हाईकोर्ट की वकील के साथ क्या किया था?
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तीन कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर सेक्टर-39 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
Location : Noida
Published : 28 July 2026, 5:16 PM IST