हिंदी
काकरोच पार्टी द्वारा फर्जी वीडियो वायरल कर दंगा भड़काने की कोशिश (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: उत्तर प्रदेश में माहौल बिगाड़ने और लोगों को भड़काने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तानी हैंडल्स और संदिग्ध नेटवर्क पुराने वीडियो का इस्तेमाल कर प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पहले मेरठ में मस्जिद तोड़े जाने का झूठा वीडियो फैलाया गया और अब नोएडा पुलिस को निशाने पर लेते हुए कथित “काकरोच जनता पार्टी” के कार्यकर्ताओं को पीटने का दावा करने वाले वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किए गए।
इन वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि पुलिस लोगों को “कीड़े-मकौड़ों की तरह पीट रही है।” पोस्ट में नोएडा पुलिस पर सवाल खड़े किए गए और सरकार को भी घेरने की कोशिश हुई। कई पोस्ट में मणिपुर, कश्मीर और खालिस्तान जैसे संवेदनशील मुद्दों का जिक्र कर लोगों की भावनाएं भड़काने का प्रयास किया गया।
पुलिस और जांच एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया कि वायरल किए गए वीडियो हाल के नहीं हैं। यह वीडियो अक्टूबर 2020 के हैं, जब हाथरस रेप केस को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में प्रदर्शन किया था। उसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के वीडियो को अब नए दावे के साथ वायरल किया गया।
जांच में यह भी पता चला कि वीडियो को एडिट कर और नए कैप्शन के साथ शेयर किया गया ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके। सोशल मीडिया पर इसे हालिया पुलिस कार्रवाई बताकर तेजी से फैलाया गया।
बताया जा रहा है कि 22 मई की सुबह “मणिपुर पोस्ट” नाम के एक्स अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया था। इसके बाद 26 मई को “काकरोच आर्मी” नाम के अकाउंट से वही वीडियो दोबारा पोस्ट किया गया। देखते ही देखते वीडियो हजारों लोगों तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार “मणिपुर पोस्ट” अकाउंट पर करीब 27 हजार लोगों ने वीडियो देखा, जबकि “काकरोच आर्मी” अकाउंट पर शुरुआती चार घंटों में ही 30 हजार से ज्यादा व्यू आ गए। करीब 600 लोगों ने पोस्ट को रिपोस्ट भी किया। कई यूजर्स ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और सरकार के खिलाफ टिप्पणियां कीं।
जांच एजेंसियों को सोशल मीडिया अकाउंट्स में एक जैसा पैटर्न भी मिला है। पहले जिन अकाउंट्स से विवादित पोस्ट डाली गई थीं उनमें @ProudindianNa, @ProudindianNavi और MirilyasINC जैसे नाम शामिल थे। अब @CockroachArmyIN और @ManipurPost5 जैसे अकाउंट्स से पोस्ट सामने आई हैं। अधिकारियों को शक है कि इन अकाउंट्स के नामों और अंतिम अक्षरों में इस्तेमाल किए गए पैटर्न किसी कोडवर्ड का हिस्सा हो सकते हैं।
Location : Noida
Published : 27 May 2026, 11:28 AM IST