हिंदी
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रशासन की प्राथमिकता है तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
परियोजनाओं का लाभ समय पर जनता तक
बैठक में सड़क निर्माण, आवासीय योजनाओं, नगर विकास, वन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें, ताकि परियोजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।
नगर निगम क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, जल निकासी और स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस पर मंडलायुक्त ने मानसून से पहले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को बारिश के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की विशेष निगरानी की जाए।
Defence Tender Scam: सेना के टेंडर में रिश्वतकांड, CBI का कानपुर में छापा; कंपनी संचालक फरार
वन विभाग के डीएफओ विकास यादव को हरित क्षेत्र विस्तार और वृक्षारोपण योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीआरओ हिमांशु वर्मा एवं एसडीएम सदर दीपक गुप्ता को भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया गया, जिससे विकास परियोजनाएं बाधित न हों।
बैठक के अंत में मंडलायुक्त ने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी और सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य पूरा करना होगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : गोरखपुर
Published : 21 May 2026, 4:10 PM IST