
हिंडन नदी पर बनाया गया छह लेन का पुल पूरी तरह तैयार (Img : Google)
Noida : ग्रेटर नोएडा और नोएडा के बीच में सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। नोएडा के सेक्टर-146 के सामने हिंडन नदी पर बनाया गया छह लेन का पुल पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के उद्देश्य से शुरू की गई थी। पुल की लंबाई करीब 200 मीटर है और इसका निर्माण "उत्तर प्रदेश सेतु निगम" द्वारा कराया गया है।
इस पुल के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। वर्तमान में लोगों को कई वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ता है, जिसमें लगभग एक घंटे तक का समय लग जाता है। नई सड़क और पुल शुरू होने के बाद यह दूरी महज 10 से 12 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। हालांकि, बीच में काफी प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। करीब डेढ़ वर्ष पहले दोबारा गति मिलने के बाद अब पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। सेतु निगम की ओर से पुल के साथ-साथ रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे संरचना की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिंडन पुल को सेक्टर-145 की 45 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ने के लिए 810 मीटर लंबी एप्रोच रोड बनाई जा रही है। नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा यह कार्य 10 फरवरी 2024 को शुरू हुआ था।अधिकारियों के अनुसार, एप्रोच रोड का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस हिस्से के निर्माण पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जहां नोएडा की ओर निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है, वहीं ग्रेटर नोएडा की तरफ कुछ भूमि अधिग्रहण संबंधी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। नॉलेज पार्क-3 से हिंडन पुल तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। इस सड़क का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ खसरा नंबरों की जमीन का अधिग्रहण नहीं होने के कारण काम प्रभावित हो रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस हिस्से को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
इस परियोजना का सबसे अहम हिस्सा सेक्टर-146 में बन रहा अंडरपास है। इसके जरिए वाहन सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से उतरकर नए लिंक रोड और हिंडन पुल तक पहुंच सकेंगे। अंडरपास और लिंक रोड शुरू होने के बाद एक्सप्रेसवे, सेक्टर-145, सेक्टर-146, नॉलेज पार्क और एलजी गोलचक्कर क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही परी चौक और अन्य व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
Location : Noida
Published : 1 June 2026, 9:45 PM IST