हिंदी
मुजफ्फरनगर:3 भाईयों की बेरहम पिटाई (Source: Dynamite)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ महज पतंग उड़ाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खालापार थाना क्षेत्र के सुजडू गांव में दबंगों ने तीन सगे भाइयों को बंधक बनाकर घंटों तक बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया है।
घटना 12 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है। आरोप है कि पतंग उड़ाने के दौरान हुए विवाद के बाद साहिल, अमन, उमर और उनके साथियों ने मिलकर मुजम्मिल, मुदस्सिर और मुस्सवीर नाम के तीन भाइयों को एक कमरे में बंधक बना लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपियों ने तीनों भाइयों को अर्धनग्न कर बेल्टों से बुरी तरह पीटा। काफी देर तक चले इस तांडव के बाद जब पुलिस को सूचना मिली, तो मौके पर पहुँचकर घायलों को मुक्त कराया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 352, 109(1) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। अब तक पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, साहिल और उमर उर्फ भूरा, को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
रायबरेली में आग से डीसीएम और मवेशी जले, 30 बीघा गेहूं की फसल राख
इस मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया:
"12 अप्रैल की शाम सुजडू गांव में पतंग उड़ाने के मामूली विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। थाना खालापार में एफआईआर संख्या 58 दर्ज कर ली गई है। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, उन्हें भी जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।"
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पतंग उड़ाते समय एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष को अनजाने में हल्की चोट लग गई थी। इसी मामूली बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक मारपीट और बंधक बनाने तक पहुँच गई। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 15 April 2026, 12:18 AM IST