मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे में तेज रफ्तार स्कूटी और बाइक की टक्कर का CCTV वीडियो वायरल हो रहा है। हादसे में तीन युवक घायल हुए। सभी ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं। वीडियो सड़क सुरक्षा की चेतावनी देता है।

हादसे में तीन युवक घायल, घटना की जानकारी देते स्थानीय नागरिक
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। पुरकाजी थाना क्षेत्र के पुरकाजी कस्बे में हुआ एक भीषण सड़क हादसा नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हादसे में बाइक सवार सहित स्कूटी पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार की रात पुरकाजी कस्बे के खादर तिराहे की है। बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही स्कूटी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी पर दो युवक सवार थे, जो अत्यधिक गति में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और स्कूटी भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
Muzaffarnagar News: सरकार के बजट पर सपा नेता का तीखा तंज, जानिये किसके लिए बना 2026-27 का पूरा खाका
पूरा हादसा पास में लगे नगर पंचायत के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह स्कूटी तेज रफ्तार में बाइक सवार को टक्कर मारती है, जिसके बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिरकर दूर तक लुढ़कते हैं। टक्कर के बाद स्कूटी हवा में घूमती नजर आती है और दोनों युवक सड़क पर चारों खाने चित हो जाते हैं।
हादसे के दौरान बाइक और स्कूटी सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। यही वजह रही कि तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर हेलमेट पहना गया होता, तो चोट की गंभीरता काफी कम हो सकती थी।
इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की पहचान पुरकाजी निवासी अब्दुल समद के रूप में हुई है। वहीं स्कूटी पर सवार दोनों युवक भी हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद अब्दुल समद को घर भेज दिया गया है। फिलहाल उसके सिर पर पट्टी बंधी हुई है।
इस मामले में पुरकाजी नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिर फारूकी ने एक वीडियो जारी कर घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हादसे में किसकी गलती थी, इस पर वह टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन यह साफ है कि दोनों पक्षों ने हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए बताया कि कैसे स्कूटी पलटी और सभी सवारों के सिर जमीन से टकराए।
जाहिर फारूकी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन बार-बार हेलमेट पहनने की सलाह इसलिए देते हैं ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके। यदि वाहन चालक घर से निकलते समय हेलमेट पहनें, तो ऐसी दुर्घटनाओं में गंभीर चोटों से बचा जा सकता है।