
तेज बारिश के बीच धंसी सड़क (Img: AI Generated Image)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मानसून की तेज बारिश ने शहर की एक बड़ी समस्या को सामने ला दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के मीनाक्षी चौक के पास बुधवार को अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और करीब 5 से 6 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के समय इलाके में लोगों की आवाजाही थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी वाहन या राहगीर को नुकसान नहीं पहुंचा।
सड़क धंसने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया।
प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया कि सड़क के नीचे से गुजर रही करीब 30 से 35 साल पुरानी सीवर पाइपलाइन में लंबे समय से लीकेज थी। लगातार हो रही बारिश के कारण पाइपलाइन के आसपास की मिट्टी धीरे-धीरे कमजोर होती गई। आखिरकार सड़क का ऊपरी हिस्सा अचानक बैठ गया और बड़ा गड्ढा बन गया। नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि बारिश ने पहले से कमजोर हो चुकी जमीन पर अतिरिक्त दबाव डाला, जिससे यह स्थिति पैदा हुई।
जिस जगह सड़क धंसी, वहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कुछ मिनट पहले कोई भारी वाहन या बाइक वहां से गुजर रही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली कि किसी की जान नहीं गई। हालांकि सड़क धंसने के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है और वे अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की स्थिति बनने की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, नगर पालिका और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया और जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से की खुदाई शुरू कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार पहले सीवर लाइन की मरम्मत की जाएगी।
स्थानीय निवासी सरफराज ने बताया कि सुबह तेज बारिश के दौरान जब वह वहां से गुजरे तो सड़क के बीच बड़ा गड्ढा दिखाई दिया। उनके मुताबिक यह सिर्फ बारिश का असर नहीं है, बल्कि लंबे समय से सीवर लाइन में लीकेज होने केऐसे में प्रशासन को पूरे इलाके की जांच करानी चाहिए ताकि आगे कोई बड़ा हादसा न हो।
नगर पालिका के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सीवर पाइपलाइन के धंसने और लीकेज को सड़क धंसने की मुख्य वजह माना गया है। फिलहाल मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी टीम पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। अगर आसपास की पाइपलाइन या सड़क के अन्य हिस्सों में भी कमजोरी पाई जाती है तो समय रहते उनकी मरम्मत कराई जाएगी।
इस घटना के बाद शहर की पुरानी सीवर व्यवस्था और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में दशकों पुरानी पाइपलाइन अब अपनी उम्र पूरी कर चुकी हैं। ऐसे में समय रहते उनका सर्वे और नवीनीकरण नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 July 2026, 8:37 PM IST