Muzaffarnagar: भाई की मौत, ‘अपनों’ की नीयत खराब, करोड़ों की वसीयत में अपनों ने ही बुना साजिश का जाल

मुजफ्फरनगर में महिला ने भाई की मौत के बाद करोड़ों की पैतृक संपत्ति हड़पने की साजिश, फर्जी बैनामे और तीन मासूम बच्चों की संपत्ति पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 16 July 2026, 9:08 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: थाना छपार क्षेत्र के गांव सिमर्थी निवासी एक महिला ने अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक ऐसा मामला उठाया, जिसने पारिवारिक संपत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसके भाई की मौत के बाद एक व्यक्ति ने उसके वृद्ध पिता को अपने प्रभाव में लेकर न केवल कृषि भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा करा लिया, बल्कि अब दिवंगत भाई के तीन मासूम बच्चों की संपत्ति पर भी कब्जा करने की साजिश रची जा रही है।

भाई ने मौत पर उठाए सवाल

पीड़िता रेखा देवी पत्नी लाखन सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह गांव सिमर्थी की निवासी हैं। उनके भाई नरेश पुत्र वेद सिंह की छह जून 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उनका आरोप है कि भाई की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Muzaffarnagar: नशीली दवाएं देकर कराया जाता था धर्म परिवर्तन, मौलाना के परिवार की पूर्व बहू के आरोपों से मचा हड़कंप

फर्जी बैनामा कराने का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपी मनोज ने उनके वृद्ध पिता वेद सिंह को बहला-फुसलाकर अपने पास रखा हुआ है और उन्हें परिवार से अलग कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान 23 अप्रैल 2024 को गांव लालपुर भोकरहेड़ी स्थित कृषि भूमि का बैनामा कथित रूप से धोखाधड़ी और छलपूर्वक आरोपी की पत्नी पूनम त्यागी के नाम करा दिया गया।

मासूम बच्चों की संपत्ति पर भी नजर

रेखा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता की वास्तविक सहमति के बिना यह पूरा लेनदेन कराया गया और अब आरोपी की नजर उनके दिवंगत भाई नरेश के नाम स्थित पुरकाजी क्षेत्र के मकान पर भी है। उन्होंने कहा कि उस मकान पर नरेश के तीन बच्चों का वैधानिक अधिकार है और आशंका है कि उसे भी हड़पने की कोशिश की जा सकती है।

Muzaffarnagar: दोस्तों संग नहाने निकला था मासूम, फिर अचानक हुआ ऐसा हादसा जिसने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया

SSP से निष्पक्ष जांच की मांग

SSP कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी बैनामे की जांच करने, वृद्ध वेद सिंह को मुक्त कराकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार की संपत्ति पर अवैध कब्जा हो सकता है और मासूम बच्चों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

पुलिस ने शुरु की जांच

पीड़िता ने एसएसपी से मांग की कि विवादित संपत्तियों पर किसी भी प्रकार के हस्तांतरण या कब्जे की कोशिश को तत्काल रोका जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 July 2026, 9:08 AM IST

Related News

Advertisement