मुजफ्फरनगर में कर्ज से परेशान एक युवक ने बहन की शादी का बहाना बनाकर सर्राफा बाजार की ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपये की पांच सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। घटना 2 फरवरी की है। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी नाहिद को गिरफ्तार कर लिया।

CCTV खंगालकर चोर गिरफ्तार (Image Source: Google)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में कर्ज ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। रतनपुरी थाना क्षेत्र के नगला रियावली गांव निवासी नाहिद, 2 फरवरी को अपनी बहन की शादी का बहाना बनाकर नगर कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार स्थित शर्मा ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचा था। उसने दुकान में ज्वेलरी देखने के बहाने समय लिया और मौका पाकर लाखों रुपये कीमत की पांच सोने की अंगूठियां उठाकर फरार हो गया था।
घटना शाम करीब 6 से 7 बजे के आस-पास की थी है। जब तक दुकानदार को चोरी का आभास हुआ, तब तक आरोपी मौके से निकल चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सर्राफा बाजार में हुई इस वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। आसपास के इलाकों में लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कई घंटों की पड़ताल और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
फतेहपुर में जमीन को लेकर बवाल, महिला को पीटकर किया बेहोश; जानिये फिर क्या हुआ…
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाहिद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई पांचों सोने की अंगूठियां बरामद कर ली गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नाहिद ने पहली बार किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था और पैसों की सख्त जरूरत थी। इसी दबाव में आकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि, उसकी यह हरकत उसे सीधे सलाखों के पीछे ले गई।
Etah में डबल डेथ से सनसनी, पेड़ से लटके मिले दो शवों से इलाके में हड़कंप
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि 2 फरवरी को सर्राफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से पांच अंगूठियां चोरी होने की सूचना मिली थी। तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से सभी अंगूठियां बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी पर कुछ कर्ज था, जिसकी वजह से उसने यह अपराध किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।