मुजफ्फरनगर तहसील में हंगामा, महिला ने पूर्व प्रधान को चप्पल से पीटा

जनपद की सदर तहसील में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने ही गांव के पूर्व प्रधान पर पैतृक जमीन का बैनामा धोखे से अपने नाम कराने का आरोप लगाते हुए उसकी कथित तौर पर चप्पल से पिटाई कर दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 5 July 2026, 6:20 AM IST

Muzaffarnagar: जनपद की सदर तहसील में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने ही गांव के पूर्व प्रधान पर पैतृक जमीन का बैनामा धोखे से अपने नाम कराने का आरोप लगाते हुए उसकी कथित तौर पर चप्पल से पिटाई कर दी।

घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

महिला ने पूर्व प्रधान को पीटा

मामला मंधेड़ा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी देवीन्द्री नाम की महिला ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान मित्रसेन ने उनकी जंगल स्थित करीब 400 मीटर पैतृक जमीन का बैनामा उनके ससुर को बहला-फुसलाकर और परिवार को बिना जानकारी दिए अपने नाम करा लिया। महिला का कहना है कि जब वह सदर तहसील में पूर्व प्रधान से इस मामले में जानकारी मांगने पहुंची, तो विवाद बढ़ गया।

मुजफ्फरनगर : अर्चना साड़ी शोरूम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

महिला बोली—पूछने पर धमकाया, फिर हाथ उठाया

पीड़ित महिला देवीन्द्री का आरोप है कि उन्होंने पूर्व प्रधान से पूछा कि जमीन कैसे खरीदी गई और परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। आरोप है कि इस पर पूर्व प्रधान ने उन्हें डराया-धमकाया और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद गुस्साई महिला ने चप्पल से पूर्व प्रधान की पिटाई कर दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान अलग-अलग नंबरों से फोन कर उन्हें धमकाता है और गांव आने पर देख लेने की बात कहता है।

वायरल वीडियो में महिला चप्पल से पूर्व प्रधान की पिटाई करती नजर आ रही है। वहीं, पूर्व प्रधान भी पिटाई के दौरान गांव में आने के बाद महिला को देख लेने की बात कहते सुनाई पड़ रहा है। घटना के दौरान तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मुजफ्फरनगर : पत्नी मायके गई फिर घर में कमरे में फंदे पर लटका मिला पति, कई दिनों से….

एसडीएम ने जांच के लिए गठित की टीम

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया। पीड़ित महिला की शिकायत पर एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है। एसडीएम ने बताया कि सदर तहसील में महिला और पुरुष के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। महिला की शिकायत के आधार पर टीम बनाकर जांच कराई जा रही है।

फिलहाल जमीन के बैनामे और मारपीट दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  5 July 2026, 6:18 AM IST