मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। बदमाश सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठे, सुनसान जंगल में ले गए और फिर चालक की बेरहमी से हत्या कर वाहन और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 November 2026, 5:36 AM IST

Muzaffarnagar:  मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शमीम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। संधावली अंडरपास के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

ईख के खेत में मिला था चालक का शव

दरअसल, 8 नवंबर को नई मंडी थाना क्षेत्र के जटमुझेडा गांव के जंगल में ईख के खेत से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान हाजीपुरा सरवट निवासी ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शमीम के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 6 नवंबर को विश्वकर्मा चौक से बाकरनगर जाने के लिए शमीम का ई-रिक्शा बुक किया था। रास्ते में जटमुझेडा के जंगल में ले जाकर आरोपियों ने चालक के हाथ-पैर बांध दिए और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या कर दी। इसके बाद ई-रिक्शा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़

200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की टीम ने 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

संधावली अंडरपास के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, अनिल और आकाश के रूप में हुई है।

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, आग का गोला बनी कार, 6 लोगों की जलकर मौत

ई-रिक्शा, मोबाइल और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सवारी बनकर ई-रिक्शा चालकों को सुनसान स्थानों पर ले जाते और उनके वाहन लूटकर पुर्जे व बैटरियां बेच देते थे।

मृतक का रिक्शा बरामद

12 मुकदमों वाला गैंगस्टर पुलिस के हत्थे चढ़ा, मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

कार्रवाई के बाद एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  11 November 2026, 5:28 AM IST