
मुजफ्फरनगर में गांजा तस्करों पर शिकंजा
Muzaffarnagar: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खालापार पुलिस ने मेरठ के चार कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 25 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 3 लाख 85 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी त्योहारों के सीजन में गांजे की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
दरअसल, पूरा मामला थाना खालापार क्षेत्र का है,
पुलिस ने बताया कि पुलिस टीम शारडेन स्कूल के पीछे वाली गली में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान चार युवक हाथों में बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर चारों ने वापस मुड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान चारों के बैग से कुल 25 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए चारों आरोपी मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव सिंधावली के रहने वाले हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह उत्तराखंड के रहने वाले हरीश नाम के व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाए थे और त्योहारों के सीजन में इसे बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अनवर कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मेरठ और मुजफ्फरनगर में एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
चारों आरोपियों के खिलाफ खालापार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अब उत्तराखंड के कथित सप्लायर हरीश और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 7 November 2026, 6:46 AM IST