
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों द्वारा सड़क पर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें युवक मोटरसाइकिलों पर खतरनाक स्टंट करते और कारों की छत पर चढ़कर उत्पात मचाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मामले में तत्काल कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना 12 अप्रैल की है, जब बुढाना कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना कस्बे में एक शादी समारोह आयोजित था। बारात में शामिल कुछ युवकों ने सड़क पर नियमों की अनदेखी करते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। किसी राहगीर ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने इस पर नाराजगी जाहिर की।
Muzaffarnagar: स्कूली वैन में लगी भीषण आग, 5 बच्चे और चालक झुलसे
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि युवकों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो कार शादी में आई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक आक़िल को गिरफ्तार कर लिया और दो गाड़ियों को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संदेश गया कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुजफ्फरनगर में शादी के दौरान युवकों का हुड़दंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया, देखिये पूरे मामले पर सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने क्या बताया...#Muzaffarnagar #ViralVideo #PoliceAction pic.twitter.com/c8UmmmqNXG
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 14, 2026
पुलिस गिरफ्त में आए कार चालक आक़िल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। उसने बताया कि वह शादी समारोह में अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर गया था और उसमें बैठे कुछ बाराती युवकों ने अचानक गाड़ी की छत पर चढ़कर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। चालक का कहना है कि उसका इस हरकत में कोई इरादा नहीं था, लेकिन अब वह अपनी गलती पर पछता रहा है।
Muzaffarnagar: बिजली विभाग की लापरवाही ने ली मासूम की जान
इस मामले में जानकारी देते हुए सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया था। जांच में पता चला कि यह घटना 12 अप्रैल को एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। उन्होंने कहा कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई है और दो गाड़ियों को सीज किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में शामिल अन्य युवकों के अभिभावकों को भी थाने बुलाया और उन्हें सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Muzzaffarnagar
Published : 14 April 2026, 6:17 PM IST
Topics : Muzaffarnagar Police Action UP Police Viral video