Muzaffarnagar: बच्चों को लेकर यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का बड़ा बयान, जानिये क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शुक्रवार को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सोशल मीडिया को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों पर माता-पिता को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 February 2026, 6:30 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शुक्रवार को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सोशल मीडिया को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों पर माता-पिता को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बच्चों के भटकाव या गुमशुदगी के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता, बल्कि अभिभावकीय निगरानी और संस्कार सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दरअसल, इससे पहले बागपत जनपद में महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि लड़कियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पाबंदियां लगनी चाहिए और इंस्टाग्राम को लड़कियों के गायब होने की एक वजह बताया था। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया कई प्लेटफॉर्म—इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप—से मिलकर बना है, इसलिए किसी एक माध्यम को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

‘बैन समाधान नहीं, जागरूकता जरूरी’

मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर पूरी तरह बैन लगाना संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर माना कि कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताते हैं, इसलिए माता-पिता को उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें अच्छे संस्कार देने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को सही दिशा दें और डिजिटल दुनिया के जोखिमों से अवगत कराएं।

संगठनात्मक कार्यक्रम में पहुंचे थे मंत्री

कैबिनेट मंत्री मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय पर आयोजित एक स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम लोकदल के नए जिला अध्यक्ष संजय राठी के सम्मान में आयोजित किया गया था। मंत्री ने कहा कि पार्टी संगठन को पहले से अधिक मजबूत करने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की गति को और तेज किया जाएगा।

Maharajganj: टीएचआर उत्पादन केंद्र पर अचानक पहुंचे CDO महेंद्र सिंह, साफ-सफाई को लेकर दिए ये निर्देश

2027 चुनाव को लेकर भी दिया संकेत

मंत्री अनिल कुमार ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे और जनपद की सभी सीटों को एनडीए के खाते में लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही चुनावी सफलता की कुंजी होगी। सोशल मीडिया पर चल रही बहस के बीच मंत्री का यह बयान अभिभावकों की भूमिका और जागरूकता को केंद्र में रखने वाला माना जा रहा है।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 6 February 2026, 6:30 PM IST