
पीड़ित इस्माइल
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 75 वर्षीय इस्माइल नाम का बुजुर्ग इन दिनों खुद को जिंदा साबित करने के लिए दर-दर भटक रहा है। हाथ में कागजात लिए वह SSP कार्यालय के चक्कर काट रहा है, क्योंकि पुलिस की एक रिपोर्ट में उसे मृत घोषित कर दिया गया है। आरोप है कि इस पूरे मामले में उसके अपने ही बेटे और पुलिस की मिलीभगत है।
मामला ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा का है, जहां रहने वाले इस्माइल का अपने बड़े बेटे आबिद के साथ मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुजुर्ग का आरोप है कि उसके बेटे ने कथित फर्जी बैनामे के जरिए संपत्ति हड़पने की कोशिश की। विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन यहां जो हुआ उसने पूरे मामले को और उलझा दिया। इस्माइल का कहना है कि बेटे ने पुलिस से मिलकर साजिश रची, ताकि उसे कागजों में मृत दिखाकर संपत्ति पर कब्जा किया जा सके।
गोरखपुर: फोरलेन किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित के मुताबिक थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई जांच रिपोर्ट में उसे मृत दर्शाया गया है। हैरानी की बात यह है कि रिपोर्ट में SHO ने खुद मौके पर जाकर जांच करने का दावा भी किया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया तो एक जिंदा व्यक्ति को मृत कैसे घोषित कर दिया गया? इस्माइल ने SSP कार्यालय में शिकायत देते हुए इस रिपोर्ट की प्रति भी सौंपी है, जिसमें उसका नाम मृतकों की सूची में दर्ज है।
इस घटना के बाद बुजुर्ग इस्माइल मानसिक रूप से बेहद आहत है। उसका कहना है कि अब उसे पुलिस से भी डर लगने लगा है और वह अपने ही घर जाने से घबरा रहा है। उसने SSP से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Budaun News: पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 2 लाख लूट का पुलिस ने ऐसे किया खुलासा…
यह मामला सामने आने के बाद न सिर्फ स्थानीय स्तर पर बल्कि प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। एक जिंदा व्यक्ति को आधिकारिक दस्तावेजों में मृत घोषित कर देना सिस्टम की बड़ी चूक और संभावित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या इस बुजुर्ग को न्याय मिल पाता है या नहीं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 2 May 2026, 3:28 PM IST
Topics : Alive Declared Dead Case Kakaroli Police Investigation muzaffarnagar news Property Dispute Case UP Police Controversy