
मुहर्रम को लेकर हुई बैठक (Img: Dynamite News)
Maharajganj: मुहर्रम समेत आगामी त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आयोजक शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के गैर-परंपरागत आयोजन अथवा नए जुलूसों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी आयोजनों को निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी के अनुसार ही संचालित करना होगा।
जिलाधिकारी ने जुलूसों में डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, धातु या विद्युत संचालक सामग्री से झंडे न लगाने और ताजियों की ऊंचाई भी तय मानकों के अनुसार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
खाने के पैसे मांगे तो कर डाला चाकू से हमला, बलरामपुर में पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की बात कहते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुहर्रम जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध की बात भी दोहराई गई।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम एवं सीओ को थानों पर बैठक कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराने और संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने सड़कों पर लगे अनावश्यक झंडे, पोस्टर और बैनर हटाने के लिए अभियान चलाने और जुलूस मार्गों पर बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों समुदायों से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और जुलूसों में अराजक तत्वों को शामिल न होने दिया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आशंका की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
एसपी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाने से बचने और ऐसी खबरों के प्रभाव में न आने की सलाह दी। साथ ही पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
रातों-रात घर के सामने से गायब हुई बाइक, 13 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग; आखिर कहां अटकी पुलिस की जांच?
बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। सभी प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 18 June 2026, 6:27 PM IST
Topics : Hindi News Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Muharram 2026 peace committee meeting UP Police