बदायूं में चलती बाइक में लगी आग, कुछ ही मिनटों में धू-धूकर जली मोटरसाइकिल

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में खेत से बाजरा काटकर घर लौट रहे युवकों की मोटरसाइकिल में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक ने समय रहते बाइक रोककर सवारों की जान बचा ली, लेकिन कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 October 2026, 7:33 PM IST

बदायूं में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेत से बाजरा काटकर घर लौट रहे युवकों की मोटरसाइकिल अचानक आग की लपटों से घिर गई। बाइक में शॉर्ट सर्किट होने के बाद पहले धुआं निकला और देखते ही देखते तेज लपटें उठने लगीं। हालात बिगड़ते देख चालक ने सूझबूझ दिखाई और बाइक को सड़क किनारे खेत के पास रोक दिया। समय रहते दोनों सवार बाइक से दूर हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल धू-धूकर जलने लगी।

गोपालपुर के पास अचानक उठने लगा धुआं

घटना बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा के माजरा गोपालपुर की है। जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड फौजी ओमपाल के बेटे खेत से बाजरा काटकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गोपालपुर के पास पहुंचते ही अचानक बाइक में तकनीकी खराबी आई और उससे धुआं निकलने लगा। सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक से आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर बाइक सवार घबरा गए। चालक ने तुरंत मोटरसाइकिल रोककर उसे खेत के किनारे खड़ा किया और दोनों सवार सुरक्षित दूरी पर चले गए।

देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी बाइक

बाइक में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी मोटरसाइकिल आग की चपेट में आ गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी तेज हो चुकी थी। आग बुझने के बाद मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर बाइक सवार समय रहते नीचे नहीं उतरते तो हादसा गंभीर हो सकता था।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या अन्य जनहानि की सूचना नहीं है। प्रथमदृष्टया मोटरसाइकिल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। समय रहते बाइक रोकने और उससे दूर हट जाने के कारण दोनों सवार सुरक्षित बच गए।

Location :  Badaun

Published :  5 October 2026, 7:33 PM IST