हिंदी
विषखोपड़ा (Img : pinterest)
हाथरस : रामलीला मैदान क्षेत्र में बुधवार शाम एक कपड़ों की दुकान में अचानक विषखोपड़ा घुसने से अफरा-तफरी मच गई। करीब शाम 4:30 बजे हुई इस घटना के बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद वन विभाग की टीम ने विषखोपड़े को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, मुरसान गेट निवासी प्रशांत पुत्र जयकिशन की कपड़ों की दुकान में तालाब की ओर से आया विषखोपड़ा घुस गया। दुकान में पहुंचते ही वह कपड़ों के ढेर के बीच जाकर छिप गया। अचानक विषखोपड़े को देखकर दुकान में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने अपने स्तर से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह कपड़ों के बीच से नहीं निकला। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य एसपी सिंह और गौरव सिंह ने काफी सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने विषखोपड़े को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद विषखोपड़े को बोरी में सुरक्षित बंद कर वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। जीव के पकड़े जाने के बाद दुकानदार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब और आसपास के खुले क्षेत्रों से कई बार जंगली जीव आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं। घटना के बाद लोगों ने ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
Location : Hathras
Published : 9 September 2026, 7:43 PM IST