नवरात्रि में 4 दिन शेष, विंध्याचल में अंधेरे का साया! अटल चौक पर हाईमास्ट अधूरी, खराब पड़ीं स्ट्रीट लाइटें

नवरात्रि में विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने वाली है, लेकिन प्रमुख अटल चौक पर हाईमास्ट लाइट का काम अभी अधूरा है। सवाल है कि मेला शुरू होने से पहले प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होगी या नहीं?

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 7 October 2026, 2:07 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल धाम में शारदीय नवरात्रि शुरू होने में महज चार दिन शेष हैं, लेकिन प्रमुख अटल चौक (अमरावती चौराहा) पर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। बेस तैयार करने के बाद काम अधूरा पड़ा है। वहीं, आसपास की कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब बताई जा रही हैं। ऐसे में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हाईमास्ट का बेस तैयार

विंध्याचल धाम के प्रमुख अटल चौक पर नई हाईमास्ट लाइट लगाने का काम शुरू किया गया था। मौके पर हाईमास्ट के लिए बेस तैयार किया जा चुका है, लेकिन इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ा। निर्माण सामग्री और मलबा मौके पर पड़ा हुआ है और हाईमास्ट लगाए जाने का इंतजार है।

मिर्जापुर के लहुरियादह स्कूल निर्माण में वन विभाग का रोड़ा, पैमाइश पर उठे गंभीर सवाल

नवरात्रि में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

विंध्याचल धाम में शारदीय नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। अटल चौक धाम के प्रमुख चौराहों में शामिल है, ऐसे में यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है। अधूरा निर्माण पूरा नहीं होने पर रात के समय परेशानी की आशंका जताई जा रही है।

कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अटल चौक और आसपास के इलाकों में कई स्ट्रीट लाइटें अभी भी खराब हैं। लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद कुछ लाइटों को चालू कराया गया, लेकिन कई स्थानों पर अब भी पर्याप्त रोशनी नहीं है।

मिर्जापुर में करोड़ों के स्वास्थ्य बजट का काला खेल, अस्पताल की खरीद-फरोख्त पर उठे बड़े सवाल

स्थानीय लोगों ने जल्द काम पूरा कराने की मांग की

नवरात्रि से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अटल चौक पर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम जल्द पूरा कराने की मांग की है। साथ ही खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की अपील की गई है, ताकि मेले के दौरान रात में श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

तैयारियों पर उठ रहे सवाल

नवरात्रि नजदीक होने के बावजूद प्रमुख चौराहे पर हाईमास्ट का काम अधूरा रहना प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि नवरात्रि शुरू होने से पहले हाईमास्ट और खराब स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त हो पाती है या नहीं।

Location :  Mirzapur

Published :  7 October 2026, 2:07 PM IST

Advertisement