बारिश बनी आफत: मिर्जापुर के हलिया में उखड़े रास्ते, ढहे मकान… पलायन की कगार पर पहुंचे ग्रामीण

मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में तेज बारिश ने मचाई तबाही! पंवारी कलां गांव में कई गरीब परिवारों के मकान ढहे, फसलें और सड़कें बह जाने से संपर्क कटा। पलायन के मुहाने पर खड़े ग्रामीण मदद की गुहार लगा रहे हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 August 2026, 2:23 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। हलिया विकास खंड क्षेत्र का पंवारी कलां गांव इस समय बारिश के भारी प्रकोप से जूझ रहा है।

चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है और गांव का बाहरी इलाकों से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। तेज बारिश की वजह से जहां एक तरफ किसानों की फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो चुकी हैं, वहीं मवेशियों के चारे और रखरखाव का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

गरीबों की छत छीनी, कई आशियाने हुए जमींदोज

कुदरत की इस मार का सबसे बड़ा नुकसान इलाके के गरीब और कमजोर तबके के लोगों को उठाना पड़ रहा है। लगातार पानी गिरने से कच्चे मकान सीलन और कटाव के कारण ताश के पत्तों की तरह ढह गए हैं।

मिर्जापुर में सड़क हादसे की खौफनाक तस्वीर, एक झटके में उजड़ गए दो परिवार, परिजनों में मचा कोहराम

पंवारी कलां गांव के निवासी बिहारी कोल (पुत्र स्वर्गीय देवराज कोल), रामलाल (पुत्र अमृतलाल) और शांति देवी (पत्नी स्वर्गीय हरी लाल) का आशियाना बारिश की भेंट चढ़ गया। बेघर हुए ये परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और अपने जीवन भर की जमा पूंजी गंवाने के बाद बेहद दुश्वारियों का सामना कर रहे हैं।

उखड़ी सड़कें, स्कूल और इलाज के लिए तरस रहे लोग

बारिश के तेज बहाव में गांव को जोड़ने वाली पक्की सड़कें तक उखड़कर बह गई हैं। सड़कों के कट जाने से आवागमन पूरी तरह ठप पड़ा है। इस तबाही का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और गांव के बुजुर्ग व बीमार लोगों पर पड़ रहा है। किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाना या बच्चों का स्कूल जाना अब किसी जोखिम से कम नहीं है।

मिर्जापुर का मनिगढ़ा घोटाला: दो-दो तारीखें, दर्जनों RTI और सिर्फ बहाने; क्या अधिकारियों की मिलीभगत से फाइलों में दफन हो गई जांच?

अगर हालात न सुधरे तो पलायन ही आखिरी रास्ता

गांव के लोगों का साफ कहना है कि अगर मूसलाधार बारिश का यह सिलसिला यूं ही जारी रहा तो स्थितियां पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाएंगी। मदद के अभाव और चारों तरफ फैली तबाही के कारण ग्रामीणों के पास गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचेगा। स्थानीय लोग अब प्रशासन से तत्काल राहत कार्य और मदद की गुहार लगा रहे हैं।

Location :  Mirzapur

Published :  18 August 2026, 2:23 PM IST