
ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर के चुनार पक्का पुल पर मंगलवार की भोर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। करीब सुबह 4 बजे एक भारी-भरकम ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान कई लोग मॉर्निंग वॉक के लिए पुल से गुजर रहे थे। गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई नहीं आया और लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना ने एक बार फिर पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि चुनार और भटौली पक्का पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन की ओर से रोक के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद रात होते ही ओवरलोड ट्रक, टीपर और बालू-पत्थर जैसी सामग्री लदे बड़े वाहन पुल पर नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों पर भले ही भारी वाहनों को रोकने के आदेश हैं, लेकिन जमीन पर हालात अलग दिखाई दे रहे हैं। रात के समय इन वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है।
ये भी पढ़ें- राप्ती नदी का सीना चीरकर उठा भयंकर जल-बवंडर! गर्जना सुन कांपे ग्रामीण, कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ मंजर
चुनार के एसडीएम की ओर से भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के सख्त निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद अगर ओवरलोड वाहन पुल से गुजर रहे हैं तो यह प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है।मंगलवार सुबह ट्रक पलटने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रक किसी राहगीर या मॉर्निंग वॉक करने वाले व्यक्ति के ऊपर पलट जाता तो नतीजा बेहद गंभीर हो सकता था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भटौली-कछवां मार्ग स्थित भटौली पक्का पुल पर भी भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है। यहां रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में भारी वाहनों के गुजरने से खतरा और बढ़ जाता है। पुलों पर लगातार भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पुल की क्षमता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में रिटायर्ड फौजी ने साले को गोलियों से भूना, पारिवारिक विवाद में उतारा मौत के घाट
चुनार पक्का पुल पर मंगलवार की घटना में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन अब सख्ती से नियमों का पालन करा पाएगा? स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर रोक के बावजूद भारी वाहन पुल तक कैसे पहुंच रहे हैं।
Location : Mirzapur
Published : 18 August 2026, 2:57 PM IST