Mirzapur Crime: बाइक सिखाने के बहाने बच्चे का अपहरण, फिर 50 लाख की फिरौती मांगने का आरोप

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय छात्र के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि परिचित युवक बच्चे को बाइक चलाना सिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद फोन पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। घटना के बाद से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 November 2026, 5:34 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में 12 वर्षीय छात्र के कथित अपहरण का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर सेमरी महाशक्ति इंटर कॉलेज के बगल स्थित एक चाय की दुकान की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 की शाम करीब चार बजे एक युवक बच्चे को बाइक चलाना सिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद से बालक का कोई पता नहीं चल सका है।

अपहृत बालक की पहचान प्रिंस बिंद पुत्र केशव बिंद के रूप में हुई है। वह आईएसएस कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। परिवार के अनुसार, एक युवक पिछले पांच दिनों से लगातार उस चाय की दुकान पर आता था। इस दौरान उसने परिवार के लोगों से जान-पहचान बना ली थी। आरोप है कि सोमवार शाम युवक बच्चे के पिता के सामने ही उसे बाइक सिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया।

50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि बच्चे को अपने साथ ले जाने के बाद फोन के माध्यम से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। परिवार ने युवक की पहचान जिगना थाना क्षेत्र के रसौली गांव निवासी पिंटू हरिजन पुत्र माताम्बर हरिजन उर्फ लुद्दूर के रूप में बताई है। परिजनों के मुताबिक, युवक फिलहाल विंध्याचल थाना क्षेत्र के कामापुर कला में रहता है।

नानकमत्ता दर्शन से लौट रही पिकअप की बाइक से टक्कर, युवक की मौत; चार घायल

हालांकि, युवक की पहचान और फिरौती मांगे जाने की बात की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल ये सभी बातें परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों पर आधारित हैं। बच्चे के लापता होने के बाद से परिवार के लोग उसकी तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए परेशान हैं।

सूचना के बाद अगले दिन घर पहुंची पुलिस

परिवार का कहना है कि घटना के दिन 9 नवंबर को ही सबसे पहले 112 नंबर पर कॉल कर पीआरवी पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके बाद विंध्याचल थाने को भी मामले की जानकारी दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम सूचना देने के बावजूद पुलिस उनके घर नहीं पहुंची। उनके मुताबिक, मंगलवार 10 नवंबर की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची।

कहा था कल आना, वो सचमुच ले आया बारात: हापुड़ के इस अनोखे लव स्टोरी क्लाइमेक्स ने उड़ाए सबके होश

खबर लिखे जाने तक 12 वर्षीय प्रिंस का कोई सुराग नहीं मिल सका था। बच्चे के लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार अपने बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेने, जल्द कार्रवाई करने और बच्चे को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।

Location :  Mirzapur

Published :  10 November 2026, 5:34 PM IST