हिंदी
मंत्री संजय निषाद
Sonbhadra: सोनभद्र दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिहंद बांध और ओबरा डैम का स्थलीय निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि कई जगहों पर पुराने केज को नया दिखाकर अनुदान राशि ली गई है। कई केज ऐसे मिले जहां मछली पालन पूरी तरह बंद था। काई जमी हुई थी और जाल तक नहीं लगाए गए थे। इससे साफ संकेत मिलता है कि कागजों में योजना चल रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम ठप पड़ा है।
सोनभद्र में डीएम बीएन सिंह ने एसीसी सीमेंट यूनिट का लिया जायजा, अफसरों में मची हलचल
मंत्री को यह भी शिकायत मिली कि कई योजनाएं जिन लोगों के नाम पर स्वीकृत हुईं, वहां असल में कोई और मछली पालन कर रहा है। कुछ मामलों में लाभार्थियों से जबरन पैसे लेने और दबाव बनाने की बात भी सामने आई, जिसे मंत्री ने गंभीर अनियमितता बताया।
Sonbhadra News: मत्स्य योजनाओं में अनियमितताओं पर सख्त हुए मंत्री संजय निषाद, जांच के दिए निर्देश.@drsanjayknishad #Sonbhadra pic.twitter.com/97Itt0uv4I
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 10, 2026
जांच के दौरान कुछ अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। इस पर मंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को अटैच करने और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी भी स्तर पर मिलीभगत पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
सोनभद्र में दिल दहला देने वाला हादसा: घर में मची अफरा-तफरी, जानिए क्या है पूरा मामला?
संजय निषाद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मछुआरा समुदाय और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, लेकिन इस तरह की गड़बड़ियों से योजना की मंशा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सख्ती जरूरी है।
मंत्री ने पुलिस विभाग को निर्देश दिया है कि शिकायत करने वाले लाभार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना डर के अपनी बात रख सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि वे खुद शिकायतकर्ताओं से मिलकर पूरे मामले की गहराई से जांच करेंगे।
Location : Sonbhadra
Published : 10 April 2026, 7:03 PM IST