
Police Station
Gorakhpur: गोरखपुर के गोलाबाजार इलाके में देर रात एक मामूली विवाद ने ऐसा खतरनाक रूप ले लिया कि मामला सीधे हिंसा तक पहुंच गया। पेड़ काटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी अचानक लाठी-डंडों तक जा पहुंची और एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-5 स्थित बिसरा मंदिर के पास रहने वाले ओम प्रकाश शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पटीदार अनूप शर्मा 26 मार्च की रात करीब 2 बजे उनके घर की बाउंड्री के अंदर लगे पेड़ को जबरन काटने लगे। रात के सन्नाटे में पेड़ कटने की आवाज सुनकर जब ओम प्रकाश मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया, तो मामला बढ़ गया।
दादरी में अखिलेश यादव के मेगा रैली की 360 डिग्री मेगा कवरेज डाइनामाइट न्यूज़ पर, देखें लिंक…
विरोध करने पर हमला
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर अनूप शर्मा गुस्से में आ गए और लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में ओम प्रकाश शर्मा घायल हो गए। साथ ही आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से पीड़ित और उनका परिवार भय के साए में जी रहा है और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जता रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी रहा है विवाद
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन और संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद को आपसी बातचीत या कानूनी तरीके से सुलझाएं और कानून को अपने हाथ में न लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 29 March 2026, 7:12 PM IST