आशिक ने पहले जहरीली ड्रिप चढ़ाई, फिर जेब में रखा सुसाइड नोट और सल्फास…मेरठ में नर्स मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

मेरठ में हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में शादी का दबाव बना रही स्टाफ नर्स नेहा को वार्डबॉय सुरेश ने अपने दोस्त के साथ मिलकर ग्लूकोज में जहरीला केमिकल चढ़ा दिया। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए फर्जी सुसाइड नोट भी लिखा। पुलिस ने CCTV और मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 19 July 2026, 4:05 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ में पति को सांप से डसवाकर हत्या के सनसनीखेज मामले के बाद अब स्टाफ नर्स की जहरीली ड्रिप लगाकर हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में एक वार्डबॉय ने अपनी प्रेमिका स्टाफ नर्स को रास्ते से हटाने के लिए दोस्त के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।

चढ़ाया गया जहरीला केमिकल

आरोप है कि शादी का दबाव बना रही नर्स को ग्लूकोज की ड्रिप लगाने के बहाने जहरीला केमिकल चढ़ा दिया गया। मौत के बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपी ने खुद ही फर्जी सुसाइड नोट लिखा और मृतका की जेब में सल्फास की गोलियां रख दी। पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और सुसाइड नोट की लिखावट के आधार पर वार्डबॉय और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें - Meerut: ‘हमें जेल भेज दो…’ प्रदर्शनकारियों की चुनौती के बाद SSP ने उठाया ऐसा कदम कि मच गया बवाल

ड्रिप में मिलाया जहरीला केमिकल

मामला शनिवार दोपहर का है। ब्रह्मपुरी निवासी 26 वर्षीय नेहा एमसीसी अस्पताल में स्टाफ नर्स थी। दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल के एक कमरे में उनका शव मिला। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि नेहा ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। हालांकि, परिजनों ने आत्महत्या की बात से साफ इनकार कर दिया और अस्पताल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया।

इसके बाद अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया। परिजनों का आरोप था कि नेहा को जहरीला पदार्थ देकर मारा गया है और घटना की असली जानकारी छिपाने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV और मोबाइल रिकॉर्ड से खुला राज

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल के CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ली। डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान नेहा के मोबाइल फोन से सुरेश नाम के वार्डबॉय के साथ लगातार बातचीत के सबूत मिले। CCTV फुटेज में भी सुरेश वार्ड से बाहर निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सुरेश ने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में सुरेश के दोस्त फरहान ने भी उसका साथ दिया था।

आठ महीने से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, नेहा के पति रवि की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। उनका एक साल का बेटा भी है। नेहा ने करीब नौ महीने पहले एमसीसी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान उसकी वार्डबॉय सुरेश से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच करीब आठ महीने से प्रेम संबंध था।

सुरेश पहले से शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, नेहा लगातार सुरेश पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहता था। इसी बात को लेकर उसने प्रेमिका को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

ये भी पढ़ें - Meerut: चीखों से गूंज उठा दिल्ली-देहरादून हाईवे, पलक झपकते ही तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, लाशें देखकर कांप उठेगा दिल

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में सुरेश ने बताया कि शनिवार को ड्यूटी पर पहुंचने के बाद नेहा ने चक्कर आने की शिकायत की थी। इसके बाद उसने नेहा को वार्ड में भर्ती कराया और अपने दोस्त फरहान को अस्पताल बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने ग्लूकोज की ड्रिप में जहरीला केमिकल मिला दिया और नेहा को चढ़ा दिया।

जहरीला पदार्थ शरीर में पहुंचने के कुछ ही देर बाद नेहा की मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। सुरेश ने कथित तौर पर खुद फर्जी सुसाइड नोट लिखा और नेहा की जेब में सल्फास की गोलियां रख दीं। इसके बाद दोनों अस्पताल से निकल गए।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए साक्ष्य

पुलिस ने मौके से मिले कैनुला, सिरिंज, मोबाइल फोन, कथित फर्जी सुसाइड नोट, नोटपैड और जहरीले केमिकल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट का मिलान भी करा रही है। CCTV फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Meerut

Published :  19 July 2026, 4:05 PM IST

Related News

Advertisement