शिवानी कुमारी और अमेरिकी यूट्यूबर के बीच क्यों हुआ झगड़ा? टेसू-झेंझी परंपरा से शुरू हुआ विवाद; रोते हुए बोलीं- मार्विन भैया…

अमेरिकी यूट्यूबर और फिटनेस कोच मार्विन आची तथा यूपी की यूट्यूबर शिवानी कुमारी के बीच विवाद सामने आया है। मार्विन ने यूट्यूब वीडियो में शिवानी पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया है। वहीं, शिवानी ने रोते हुए फेसबुक वीडियो जारी कर कहा कि अगर उन्हें कोई बात बुरी लगी थी तो सीधे उनसे बात करनी चाहिए थी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 October 2026, 12:30 PM IST
google-preferred

Auraiya: जिस भारतीय परिवार ने विदेशी मेहमान समझकर दिल खोलकर स्वागत किया, उसी परिवार पर अब अपमान करने के आरोप लग रहे हैं। अमेरिकी यूट्यूबर और फिटनेस कोच मार्विन आची और यूपी की चर्चित यूट्यूबर शिवानी कुमारी के बीच रिश्तों में खटास आ गई है। मार्विन आची ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर शिवानी पर अतिथि देवो भव की भावना का अपमान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारत घूमने और यहां की संस्कृति को समझने आए थे, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। दूसरी तरफ, शिवानी कुमारी ने भी फेसबुक पर रोते हुए अपना वीडियो शेयर किया है।

दो बार भारत आए मार्विन आची

अमेरिकी यूट्यूबर और फिटनेस कोच मार्विन आची जुलाई 2025 में पहली बार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव पहुंचे थे। इसी गांव में सोशल मीडिया पर चर्चित यूट्यूबर शिवानी कुमारी रहती हैं। मार्विन जब भारत आए तो शिवानी ने उनका अपने घर पर स्वागत किया था। इस दौरान उन्होंने विदेशी मेहमान को भारतीय परंपराओं और ग्रामीण जीवन से रूबरू कराने की कोशिश की थी। शिवानी ने मार्विन के लिए देसी खाने से लेकर गांव की संस्कृति तक का अनुभव साझा किया था। दोनों के साथ बिताए गए पलों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रहे थे। पहली यात्रा के बाद मार्विन अमेरिका लौट गए थे।

इसके बाद सितंबर 2026 में मार्विन आची दूसरी बार भारत आए और फिर शिवानी के घर पहुंचे। इस बार भी दोनों के साथ के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुए। हालांकि, अब इसी मुलाकात से जुड़ा एक पुराना घटनाक्रम दोनों के बीच विवाद की वजह बन गया है।

टेसू-झेंझी की परंपरा में मार्विन का चेहरा बनाया था

इस पूरे विवाद की एक अहम कड़ी टेसू-झेंझी या सांझी से जुड़ी परंपरा है। शिवानी कुमारी ने इस परंपरा के तहत मार्विन का स्वागत करते हुए उनके चेहरे पर कालिख से मूंछें बनाई थीं और टीका लगाया था। शिवानी की तरफ से इसे पारंपरिक स्वागत का हिस्सा बताया गया था, लेकिन इस दौरान मार्विन के चेहरे के साथ किए गए इस प्रयोग को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई थीं। कई लोगों ने मार्विन के लुक को लेकर उनका मजाक उड़ाया और उन्हें ट्रोल किया।

Bigg Boss OTT 3: बोरिंग एपिसोड में अनिल कपूर के ‘झकास स्टाइल’ ने डाली जान, पहले दिन छा गई ‘गांव की छोरी’ शिवानी

मार्विन आची ने शिवानी पर उठाए सवाल

अमेरिका लौटने के बाद मार्विन आची ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा वीडियो बनाना पड़ेगा, खासकर उस व्यक्ति के बारे में जिस पर उन्होंने भरोसा किया था। मार्विन ने वीडियो में साफ किया कि उनकी बातों को भारत या भारतीय संस्कृति के खिलाफ नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत के लोग और यहां की संस्कृति पसंद है। वह भारत यहां की संस्कृति को करीब से जानने और अनुभव करने के लिए आए थे।

'मैं कुछ समझ पाता, उससे पहले ही मेरा चेहरा पेंट कर दिया'

अपने वीडियो में मार्विन आची ने शिवानी का नाम लिए बिना उस घटना का जिक्र किया, जिसने उन्हें परेशान किया। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश जाने के दौरान उन्हें कहा गया था कि वे गांव जाएंगे और वहां शादी का आनंद लेंगे। यह सुनकर वह काफी उत्साहित थे। मार्विन के मुताबिक, अगले दिन जब वह गांव पहुंचे तो शिवानी ने उनसे कहा कि उनके पास एक शानदार आइडिया है। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनके चेहरे को पेंट कर दिया गया।

Mr Faisu Wedding: मशहूर यूट्यूबर मिस्टर फैजू ने मक्का में किया निकाह, सामने आई दुल्हन की पहली झलक

'क्या तुम्हारा इरादा मेरा मजाक उड़ाने का था?'

मार्विन ने अपने वीडियो में कहा कि उन्होंने उस समय भरोसा किया था कि उनका मजाक नहीं उड़ाया जा रहा होगा। उन्हें उम्मीद थी कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने विश्वास किया है, वह उनके साथ ऐसा कुछ नहीं करेगा जिससे उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसी विदेशी मेहमान के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया? क्या उनका इरादा लाखों लोगों के सामने उनका मजाक उड़ाने का था? मार्विन ने यह भी कहा कि वह भारत के लोगों का अपमान नहीं कर रहे हैं। उन्हें भारत बहुत पसंद है और यहां की संस्कृति से प्यार है, लेकिन उन्हें अब तक समझ नहीं आया कि कोई उनके साथ ऐसा क्यों करना चाहेगा।

रोते हुए शिवानी कुमारी ने दिया जवाब

मार्विन आची के वीडियो के बाद शिवानी कुमारी ने भी फेसबुक पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने रोते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मार्विन को भैया कहकर संबोधित करती नजर आईं। शिवानी ने कहा कि अगर उनसे कोई बात बुरी लगी थी या उनकी किसी हरकत से मार्विन को दुख पहुंचा था तो उन्हें सीधे उनसे बात करनी चाहिए थी। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके खिलाफ वीडियो जारी करने से आखिर क्या हासिल होगा? शिवानी ने कहा, 'जो कुछ कहना था, मार्विन भैया आप हमसे कह देते। हमने आपका कोई अपमान नहीं किया है। हमने हमेशा आपका सम्मान किया है। आप हमारे देश आए और हमारे मेहमान रहे। आप मेरे साथ 15 दिन रुके। ऐसा तो नहीं कि आप मेरे बारे में कुछ समझ न पाए हों।'

Location :  Auraiya

Published :  31 October 2026, 12:30 PM IST

Advertisement