
दुकान में चोरी (Img: Google)
Gorakhpur : जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिस पिकेट के आसपास भी वारदात को अंजाम देने से पीछे नहीं हट रहे। गोला उपनगर के चंद चौराहे पर देर रात हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चोरों ने मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और महंगे मोबाइल सेट पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई और आरोपी आराम से फरार हो गए।
घटना गोला-उरूवा मार्ग स्थित चंद चौराहे की है। यहां रानीपुर निवासी महेंद्र पाण्डेय के कटरा में वार्ड नंबर 4 के रहने वाले अनिल कुमार मौर्य की मोबाइल दुकान है। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब अनिल दुकान खोलने पहुंचे तो कटरा का मुख्य शटर आधा खुला मिला।
शक होने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो दुकान का शटर खुला था और सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। दुकान के अंदर रखे मोबाइल और नकदी गायब थी। यह देखकर दुकानदार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दुकानदार के मुताबिक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तड़के करीब 3 बजे दो युवक संदिग्ध हालत में अंदर जाते दिखाई दिए। फुटेज में दोनों आरोपी नंदलाल बिरियानी की दुकान की तरफ से आते दिख रहे हैं। कुछ देर बाद जब वे बाहर निकले तो उनके हाथों में तीन बड़े बैग दिखाई दिए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों संदिग्धों की पहचान की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वे पास की गली में किराए के मकान में रहते थे।
मामले में एक अहम सुराग ऑटो चालक शंकर मौर्य ने दिया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5 बजे कुछ लोग भारी बैग और अटैचियों के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो से निकले थे। जानकारी के अनुसार, कुल पांच लोग थे जिनमें तीन लोग महिलाओं के वेश में दिखाई दिए। पुलिस अब रेलवे स्टेशन और आसपास के CCTV कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
दुकानदार के अनुसार, चोर करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग 20 महंगे मोबाइल फोन लेकर फरार हुए हैं। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सुराग और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 3 May 2026, 4:17 PM IST